Last Updated:
गाजियाबाद में जंतर-मंतर जा रहे दो युवकों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Ghaziabad Satyam Pandit Viral Video
गाजियाबाद: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में जा रहे दो छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में गाजियाबाद का रहने वाला सत्यम पंडित नाम का युवक दोनों छात्रों से बहस करता और उनके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो आरोपी ने खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने भी वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं से किए गए वादों के कुछ ही घंटों बाद इस तरह की घटना सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है.
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा और उससे जुड़े लोगों के व्यवहार और हिंसा को पूरा देश देख रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के नेता अपने शीर्ष नेतृत्व के आश्वासनों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी की.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ें
