टीचर बनने का ख्वाब छोड़ बनी सिंगर, कई भाषाओं में गाए हजारों गाने, टैलेंट के दम पर जीते 6 नेशनल अवॉर्ड

Last Updated:

अगर आपने फिल्म ‘बॉम्बे’ का गाना ‘कहना ही क्या’ सुना है, तो आप सिंगर केएस चित्रा की गायकी की खूबसूरती से वाकिफ हैं. कमाल की बात यह है कि वे सिंगर नहीं म्यूजिक टीचर बनने के सपने देखती थीं. उन्हें गुरुओं ने रास्ता दिखाया, तो 1982 में प्लेबैक सिंगर के तौर पर अपना करियर शुरू किया. वे अपनी आवाज की खूबसूरती की वजह से ‘केरल की कोकिला’ कहलाई जाती हैं. उन्होंने कई भाषाओं में हजारों गाने गाए हैं. उन्होंने अपने करियर में 6 नेशनल अवॉर्ड जीते हैं.

ख़बरें फटाफट

केएस चित्रा ने कई यादगार गाने गाए हैं.

नई दिल्ली: सिंगर केएस चित्रा ने चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में न सिर्फ फिल्मी गीत गाए, बल्कि अपने विनम्र स्वभाव से लोगों के दिल भी जीते. चित्रा का सपना गायिका बनना नहीं, बल्कि संगीत की एक अच्छी शिक्षिका बनने का था. हालांकि किस्मत ने उन्हें ऐसा रास्ता दिखाया कि वह भारत की सबसे सम्मानित गायिकाओं में शामिल हो गईं. केएस चित्रा का जन्म 27 जुलाई 1963 को केरल के तिरुवनंतपुरम में हुआ था. उनके पिता कृष्णन नायर स्कूल शिक्षक थे और संगीत के भी बड़े प्रेमी थे. उनकी मां शांताकुमारी भी संगीत शिक्षिका थीं. घर में शुरू से ही संगीत का माहौल था. पिता ने बचपन में ही चित्रा की आवाज की खासियत पहचान ली थी और उन्हें संगीत सीखने के लिए प्रेरित किया.

चित्रा पढ़ाई में भी अच्छी थीं. उन्होंने तिरुवनंतपुरम के एक स्कूल से पढ़ाई की. उन्होंने इसके बाद संगीत में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. पढ़ाई के दौरान उनका लक्ष्य गायिका बनना नहीं, बल्कि संगीत की शिक्षा देना था. वह चाहती थीं कि आगे चलकर बच्चों को संगीत सिखाएं और इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाएं लेकिन उनके शिक्षकों और परिवार ने उनकी आवाज को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. साल 1978 से 1984 के बीच उन्हें भारत सरकार की नेशनल टैलेंट सर्च स्कॉलरशिप भी मिली, जिसने उनके संगीत सफर को और मजबूत बनाया.

संगीतकार एमजी राधाकृष्णन ने दिया मौका
केएस चित्रा को फिल्मी दुनिया में पहला बड़ा मौका मलयालम संगीतकार एमजी राधाकृष्णन ने दिया. साल 1979 में उन्होंने चित्रा की आवाज रिकॉर्ड की. इसके बाद धीरे-धीरे उनकी पहचान बनने लगी. साल 1982 में आई फिल्म ‘केलकथा शब्दम’ से उनके प्लेबैक सिंगिंग करियर की शुरुआत मानी जाती है. चित्रा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी समेत कई भाषाओं में हजारों गाने गाए. उनकी आवाज को लोगों ने इतना पसंद किया कि उन्हें ‘केरल की कोकिला’ और ‘लिटिल नाइटिंगेल ऑफ इंडिया’ जैसे नामों से सम्मान मिला.

दिग्गज संगीतकारों के साथ किया काम
संगीत की दुनिया में चित्रा ने एआर रहमान, इलैयाराजा, एमएम कीरवानी और कई बड़े संगीतकारों के साथ काम किया. हिंदी सिनेमा में भी उन्होंने कई लोकप्रिय गाने दिए. फिल्म ‘बॉम्बे’ का गाना ‘कहना ही क्या’ आज भी लोगों की जुबा पर मौजूद है. चित्रा के करियर की सबसे बड़ी अचीवमेंट में छह नेशनल फिल्म अवॉर्ड शामिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मफेयर अवॉर्ड, राज्य सरकारों के पुरस्कार और साल 2005 में पद्म श्री और 2021 में पद्म भूषण जैसे बड़े सम्मान हासिल किए. साल 2001 में उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में भी प्रस्तुति दी. चित्रा ने जरूरतमंद और रिटायर हो चुके संगीतकारों की मदद के लिए ‘स्नेहानंदना ट्रस्ट’ भी शुरू किया.

About the Author

Abhishek NagarSenior Sub Editor

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *