Last Updated:
Youngest POTM Winner in T20I: जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं, पूरी सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी अपने नाम किया.
जिम्बाब्वे के खिलाफ एक मैच में बड़ा शॉट खेलते वैभव सूर्यवंशी.
नई दिल्ली. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में 81 रन की विस्फोटक पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और पूरी सीरीज में 151 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार अपने नाम किया. इसके बाद कई लोगों ने उन्हें टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाला खिलाड़ी मान लिया. लेकिन ऐसा नहीं है. यह रिकॉर्ड चार साल पहले ही बन चुका था. वैभव से भी कम उम्र में एक खिलाड़ी ने टी20I डेब्यू पर प्लेयर ऑफ द मैच जीतकर इतिहास रच दिया था.
वैभव सूर्यवंशी दूसरे सबसे युवा POTM विनर
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मैच में 49 गेंदों पर 81 रन की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए तथा 165.31 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 192 रन का मजबूत स्कोर बनाया और मुकाबला जीत लिया. शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं तीन मैचों की सीरीज में 151 रन बनाने पर उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी मिला. हालांकि, 15 साल 121 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वैभव टी20 इंटरनेशनल इतिहास के दूसरे सबसे युवा प्लेयर ऑफ द मैच बने.
वैभव सूर्यवंशी.
4 साल पहले बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनने का रिकॉर्ड सिएरा लियोन के अलुसीन तुरे के नाम है. तुरे ने साल 2022 में कैमरून के खिलाफ अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी. उस समय उनकी उम्र 15 साल और 74 दिन थी. उन्होंने उस मुकाबले में गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए और बल्लेबाजी में सिर्फ 20 गेंदों पर 33 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. हालांकि, फुल मेंबर टीमों की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी के नाम यह रिकॉर्ड रहेगा.
वैभव के लिए सपना सच होने जैसा पल
मैच के बाद पुरस्कार समारोह में वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है. उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए ड्रीम कम ट्रू मोमेंट है. अपना पहला प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतकर मैं बहुत खुश हूं. हरारे में अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुका हूं, इसलिए यहां खेलना मुझे पसंद है. कप्तान, कोच और पूरी टीम ने मेरा पूरा साथ दिया, जिससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा.’
लक्ष्मण की कोचिंग में चमके वैभव
जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर को आराम दिया गया था. उनकी जगह वीवीएस लक्ष्मण ने कार्यवाहक मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली. लक्ष्मण के मार्गदर्शन में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया और न सिर्फ अपना पहला प्लेयर ऑफ द मैच, बल्कि प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार भी जीतकर भारतीय क्रिकेट में अपने उज्ज्वल भविष्य की दस्तक भी दे दी.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ें
