दिल्ली. दिल्ली का चांदनी चौक अपने पुराने बाजारों के लिए दुनिया भर में मशहूर है, लेकिन जब बात जूतों की आती है, तो बल्लीमारान मार्केट सबसे पहले दिमाग में आता है. यह मार्केट दशकों से जूतों का एक बड़ा हब रहा है. पहले आस-पास के इलाकों के व्यापारी यहां खरीदारी करने आते थे, लेकिन अब दिल्ली-एनसीआर और दूसरे राज्यों के लोग भी यहां खरीदारी करने आते हैं.
जैसे ही आप बल्लीमारान की गलियों में कदम रखेंगे, आपको दोनों तरफ सैकड़ों जूतों की दुकानें मिलेंगी. यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए जूते मिलते हैं, जिनमें रोजाना पहनने वाली चप्पलों से लेकर ऑफिस शूज, स्पोर्ट्स शूज, स्नीकर्स, स्कूल शूज, फॉर्मल शूज, पार्टी वियर, वेज सैंडल, हील्स, जूतियां और एथनिक फुटवियर शामिल हैं. हर हफ्ते नए डिजाइन भी आते हैं.
इतिहास से जुड़ी है इस बाजार की पहचान
बल्लीमारान का नाम सुनते ही सबसे पहले मशहूर शायर मिर्जा गालिब की याद आती है. उनका घर भी इसी इलाके में था. इतिहासकारों के मुताबिक, मुगल काल में इस इलाके का नाम नाविकों (बल्ली पैडलर्स) के नाम पर रखा गया था, जो लंबे बांस के डंडों से नाव चलाते थे. समय के साथ यह इलाका एक बड़ा ट्रेडिंग सेंटर बन गया और आज ऑप्टिकल और फुटवियर का बिजनेस सबसे ज्यादा है.
होलसेल रेट पर होती है खरीदारी
बल्लीमारान की सबसे बड़ी खासियत इसकी होलसेल मार्केट है. यहां दिल्ली ही नहीं, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, जयपुर और हरियाणा तक के कई दुकानदार माल खरीदने आते हैं. अगर आप एक से ज्यादा जोड़ी खरीदते हैं या थोड़ा मोलभाव करते हैं, तो अच्छी कीमत में सामान मिल जाता है.
क्या है कीमत
यहां फुटवियर की शुरुआत करीब ₹150 से ₹200 से हो जाती है. अच्छी क्वालिटी की सैंडल ₹300 से ₹700 तक मिल जाती हैं. स्नीकर्स की कीमत ₹500 से ₹1,500 के बीच रहती है, जबकि ब्राइडल और पार्टी वियर फुटवियर ₹800 से ₹2,500 तक मिल जाते हैं. कीमत डिजाइन, क्वालिटी और ब्रांड के हिसाब से बदलती रहती है.
यहां महिलाओं के लिए हील्स, ब्लॉक हील, वेज सैंडल, फ्लैट्स, कोल्हापुरी, जुत्ती और पार्टी वियर सैंडल के सैकड़ों डिजाइन मिल जाते हैं. पुरुषों के लिए फॉर्मल शूज, लेदर शूज, स्नीकर्स, लोफर्स, स्पोर्ट्स शूज और चप्पलों की बड़ी रेंज मौजूद रहती है. बच्चों के लिए भी स्कूल शूज, कार्टून थीम वाले फुटवियर और रंग-बिरंगी सैंडल आसानी से मिल जाती हैं.
