नई दिल्ली: भारत में एक नया सेक्टर बहुत तेजी से उभर रहा है, जिसमें नौकरियां अलग-अलग क्षेत्र में भरपूर हैं, लेकिन जानकारी न होने की वजह से लोग इसमें आवेदन नहीं कर पाते हैं और यहां तक पहुंच नहीं पाते हैं. ऐसे में दिल्ली के द्वारका में स्थित यशोभूमि में आयोजित बायोएनर्जी ग्लोबल सम्मेलन 2026 में जब लेफ्टिनेंट कर्नल मोनिश आहूजा (सेवानिवृत्त) पंजाब रिन्यूएबल एनर्जी सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड (PRESPL) के संस्थापक और जैव-ऊर्जा क्षेत्र के एक प्रमुख उद्यमी पहुंचे तो उनसे लोकल 18 की टीम ने खास बातचीत की.
उन्होंने बताया कि बायो एनर्जी सेक्टर बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसमें अलग-अलग एक्सपर्ट की जरूरत भी होती है. भारत सरकार ने देश भर में कुल 5,000 कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट लगाने की घोषणा की है. आज की तारीख में 200 प्लांट लगा चुके हैं तो सोचिए कि कितना ज्यादा काम है. इस सेक्टर में ऐसे में लोगों के लिए बहुत ज्यादा अवसर हैं, लेकिन जानकारी न होने की वजह से लोग इस सेक्टर में पहुंच नहीं पाते हैं.
जानें कौन-कौन सी मिलती हैं नौकरियां और कैसे करें आवेदन
लेफ्टिनेंट कर्नल मोनिश आहूजा ने बताया कि भारत में बायो एनर्जी (जैव ऊर्जा) का क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है. सरकार एथेनॉल, बायोगैस, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), बायोमास और अन्य स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा दे रही है. ऐसे में इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं. बायो एनर्जी सेक्टर में मिलने वाली प्रमुख नौकरियों पर बात करें तो इसमें जैव ऊर्जा अभियंता, बायोगैस संयंत्र अभियंता, बायोमास परियोजना प्रबंधक, एथेनॉल संयंत्र संचालक, अनुसंधान वैज्ञानिक, गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी, पर्यावरण अभियंता, उत्पादन अभियंता, संयंत्र रखरखाव अभियंता, विपणन एवं व्यवसाय विकास अधिकारी, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) सलाहकार और परियोजना समन्वयक जैसे तमाम पद मौजूद हैं. आप जिस क्षेत्र के एक्सपर्ट हैं, उसमें आवेदन कर सकते हैं.
जानें कौन-सी पढ़ाई है जरूरी
बायोगैस एनर्जी इंडस्ट्री या सेक्टर में नौकरी करने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी जो पढ़ाई है. वह बी.टेक./बी.ई. (रासायनिक, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, जैव प्रौद्योगिकी या पर्यावरण इंजीनियरिंग) और बी.एससी./एम.एससी. (जैव प्रौद्योगिकी, सूक्ष्मजीव विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, रसायन विज्ञान) है. इसके अलावा आईटीआई या डिप्लोमा (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल या प्लांट संचालन) ऊर्जा प्रबंधन में एमबीए (प्रबंधन पदों के लिए) अगर किसी ने ये पढ़ाई की हुई है तो उसके लिए इस इंडस्ट्री और सेक्टर में तमाम अवसर हैं.
जानें कैसे करें आवेदन
1 -अपनी योग्यता के अनुसार एक अच्छा बायोडाटा (रिज्यूमे) तैयार करें.
2 – सरकारी और निजी कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करियर अनुभाग में आवेदन करें.
3 -रोजगार पोर्टलों पर जैव ऊर्जा, बायोगैस, बायोमास, एथेनॉल और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी नौकरियां खोजें.
4 -इंटरव्यू से पहले जैव ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और जैव ईंधन से जुड़े विषयों की अच्छी तैयारी करें.
वेतन कितना मिलता है.
5 – नए उम्मीदवार को लगभग 3 लाख से 6 लाख प्रति वर्ष मिलता है.
6 – इसके अलावा 3 से 5 वर्ष के अनुभव वाले लोगों को लगभग 6 लाख से 12 रुपए लाख प्रति वर्ष मिलता है.
7 -वरिष्ठ पदों पर: 12 लाख से 25 लाख रुपए प्रति वर्ष या इससे अधिक मिलता है.
