Last Updated:
दिल्ली सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू करने का आदेश दिया है. बुधवार और शनिवार को कर्मचारी घर से काम करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद यह फैसला लिया गया है.
दिल्ली में दो दिन का वर्क फ्राम होम.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू कर दिया है.दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) के कर्मचारियों को हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम मिलेगा. यह व्यवस्था बुधवार और शनिवार को लागू रहेगी.
सरकार ने इसके बारे में आदेश जारी कर दिया है. सरकार का कहना है कि यह फैसला प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की अपील के बाद लिया गया है, आदेश के मुताबिक, सरकारी दफ्तरों में आने-जाने से होने वाली ईंधन खपत कम करने और ट्रैफिक दबाव घटाने के मकसद से यह व्यवस्था लागू की जा रही है.
सभी विभागों को दिए गए निर्देश
दिल्ली सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि वर्क फ्रॉम होम अरेंजमेंट्स और ऑनलाइन वर्क सिस्टम अपनाने को लेकर सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं, इसके तहत विभागों को ऑनलाइन मोड में कामकाज बढ़ाने और कर्मचारियों की फिजिकल मौजूदगी कम करने पर जोर दिया गया है.
दिल्ली नगर निगम ने भी इस संबंध में आदेश जारी कर सभी विभागाध्यक्षों, डिप्टी कमिश्नरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश भेज दिए हैं. आदेश में कहा गया है कि यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लागू किया जा रहा है और सभी विभागों को इसका पालन करना होगा.
किसके लिए क्या नियम
सरकार का मानना है कि इससे दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी. ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी और पेट्रोल-डीजल की खपत घटेगी, साथ ही प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिल सकती है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं किया गया है कि किन विभागों और किस श्रेणी के कर्मचारियों पर यह व्यवस्था लागू होगी. माना जा रहा है कि जरूरी सेवाओं और फील्ड ड्यूटी से जुड़े कर्मचारियों को इससे बाहर रखा जा सकता है.
दिल्ली सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़े प्रयोग के तौर पर देखा जा रहा है. कोविड काल के बाद पहली बार राजधानी में सरकारी स्तर पर इतने बड़े पैमाने पर वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू की जा रही है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि यह व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है और क्या आने वाले समय में इसे स्थायी मॉडल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा.
About the Author
Mr. Gyanendra Kumar Mishra is associated with hindi.news18.com. working on home page. He has 20 yrs of rich experience in journalism. He Started his career with Amar Ujala then worked for ‘Hindustan Times Group…और पढ़ें
