CLAT में चाहिए अच्छी रैंक…एक्सपर्ट से जानिए कितने घंटे पढ़ना काफी, कैसे करें तैयारी?

Last Updated:

CLAT Exam 2026 Preparation Tips : देश की टॉप लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) में दाखिले के लिए कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट 7 दिसंबरको होना है. अगर आप भी कानून के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं तो तैयारी का यह सबसे सही समय है. लॉ प्रेप ट्यूटोरियल के दिल्ली-एनसीआर निदेशक आनंद शर्मा लोकल 18 से बताते हैं कि क्रिटिकल रीजनिंग, लॉजिकल रीजनिंग और एनालिटिकल रीजनिंग परीक्षा में लगभग 80 प्रतिशत तक स्कोर दिलाने में भूमिका निभाते हैं. इसलिए छात्रों को अपनी तैयारी का बड़ा हिस्सा इन्हीं पर केंद्रित करना चाहिए. आनंद शर्मा के मुताबिक, CLAT में सफलता केवल पढ़ाई से नहीं बल्कि लगातार अभ्यास से मिलती है, इसलिए हर सप्ताह कम से कम तीन मॉक टेस्ट जरूर दें.

गाजियाबाद. देश की सबसे प्रतिष्ठित कानून प्रवेश परीक्षाओं में शामिल कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 7 दिसंबर 2026 को होना है. आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू होने जा रही है. यह परीक्षा देश की 26 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) में पांच वर्षीय एलएलबी और अन्य लॉ कोर्सों में प्रवेश का रास्ता खोलती है. ऐसे में अगर आप भी कानून के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं तो तैयारी का यही सबसे अहम समय है. आखिर CLAT की तैयारी कैसे करें, किन विषयों पर सबसे ज्यादा फोकस रखें, कौन-सी गलतियां सफलता से दूर कर सकती हैं और अंतिम 90 दिनों की रणनीति कैसी होनी चाहिए. इन सभी सवालों के जवाब लॉ प्रेप ट्यूटोरियल के दिल्ली-एनसीआर निदेशक आनंद शर्मा से विस्तार से जानिए.

लोकल 18 से आनंद शर्मा बताते हैं कि 3 अगस्त से CLAT के आवेदन फॉर्म भरने शुरू हो रहे हैं. यह परीक्षा देश की 26 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है. परीक्षा की तैयारी के लिए शुरुआती 90 दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए कोचिंग सेंटरों में 90 दिन का विशेष प्रिपरेशन प्रोग्राम चलाया जाता है, जिसमें जनरल नॉलेज का पूरा बैकलॉग कवर कराया जाता है. क्रिटिकल रीजनिंग, लॉजिकल रीजनिंग और एनालिटिकल रीजनिंग पर विशेष फोकस किया जाता है क्योंकि यही सेक्शन परीक्षा में लगभग 80 प्रतिशत तक स्कोर दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

किस पर ज्यादा फोकस

आनंद शर्मा बताते हैं कि CLAT में पांच प्रमुख विषय होते हैं. इनमें क्रिटिकल रीजनिंग, रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन और लीगल रीजनिंग सबसे महत्वपूर्ण हैं. ये तीनों विषय पूरी तरह कॉम्प्रिहेंशन आधारित होते हैं, जिनमें परीक्षार्थी को दिए गए लंबे पैसेज को पढ़कर उसकी जानकारी का विश्लेषण और संश्लेषण करते हुए सही उत्तर देना होता है. जनरल नॉलेज और लगभग 10 से 12 अंकों का गणित भी परीक्षा का हिस्सा होता है. हालांकि सबसे ज्यादा अंक इन्हीं तीन विषयों से प्राप्त किए जा सकते हैं. इसलिए छात्रों को अपनी तैयारी का बड़ा हिस्सा इन्हीं पर केंद्रित करना चाहिए.

ऑफलाइन पढ़ें या ऑनलाइन

आनंद शर्मा के मुताबिक, जनरल नॉलेज की तैयारी को हल्के में नहीं लेना चाहिए. इसके लिए रोजाना कम से कम 4 से 5 घंटे का समय देना जरूरी है. परीक्षार्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से तैयारी कर सकते हैं, लेकिन ऑनलाइन पढ़ाई में नियमितता बनाए रखना थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है. यदि छात्र में सेल्फ डिसिप्लिन और समय प्रबंधन की क्षमता है तो ऑनलाइन तैयारी भी प्रभावी साबित हो सकती है जबकि ऑफलाइन क्लास में नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन का लाभ मिलता है. CLAT में सफलता केवल पढ़ाई से नहीं बल्कि लगातार अभ्यास से मिलती है, इसलिए हर सप्ताह कम से कम तीन मॉक टेस्ट जरूर देने चाहिए. कोचिंग सेंटरों में भी सप्ताह में तीन बार मॉक टेस्ट कराए जा रहे हैं. परीक्षा से करीब एक महीने पहले यानी नवंबर में रोजाना स्पीड रन और फुल-लेंथ मॉक टेस्ट आयोजित किए जाएंगे ताकि छात्र वास्तविक परीक्षा जैसा माहौल महसूस कर सकें समय प्रबंधन बेहतर हो और अधिकतम अंक हासिल कर सकें.

ये सफलता की गारंटी

आनंद शर्मा ने उन छात्रों के लिए भी सलाह दी जो पहले प्रयास में सफल नहीं हो सके. उन्होंने कहा कि असफलता के पीछे कई कारण हो सकते हैं लेकिन चार गलतियां सबसे ज्यादा देखने को मिलती हैं. तैयारी में निरंतरता की कमी, अच्छे अंक आने पर ओवरकॉन्फिडेंस, रोजाना जनरल नॉलेज को पर्याप्त समय न देना और गणित को कम महत्व देना. यदि परीक्षार्थी इन गलतियों से बचते हुए नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट और सही रणनीति के साथ तैयारी करें तो CLAT जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना पूरी तरह संभव है

About the Author

Priyanshu Gupta

प्रियांशु गुप्‍ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *