सचिन नहीं…कोहली बने नंबर वन, रोहित टॉप 3 से बाहर, दिग्गज ने चुनी ऑल-टाइम वनडे के टॉप 8 बल्लेबाज

नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एरोन फिंच ने वनडे इंटरनेशनल इतिहास के अपने टॉप-8 बल्लेबाजों की रैंकिंग बताई है. एक खास वीडियो सेगमेंट के दौरान जब फिंच से एक-एक कर क्रिकेट जगत के दिग्गजों के नाम पूछे गए, तो उन्होंने बिना किसी झिझक के अपनी ड्रीम ऑल-टाइम रैंकिंग तैयार की. इस लिस्ट की सबसे खास और दिलचस्प बात यह रही कि फिंच ने क्रिकेट के ‘भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की जगह रन मशीन विराट कोहली को पहले स्थान पर तरजीह दी है. वहीं, मौजूदा समय में वनडे के सबसे घातक सलामी बल्लेबाजों में शुमार रोहित शर्मा को फिंच की इस लिस्ट में टॉप-3 में भी जगह नहीं मिल पाई है.

वनडे फॉर्मेट में जब भी सर्वकालिक महान बल्लेबाजों की बात होती है, तो मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) और विराट कोहली (Virat Kohli) के बीच तुलना होना लाजमी है. हालांकि, एरोन फिंच (Aaron Finch) के आंकड़ों और प्रभाव के विश्लेषण ने उन्हें अलग निष्कर्ष पर पहुंचा दिया. फिंच के मुताबिक, मॉडर्न क्रिकेट की चुनौतियों और दबाव के बीच विराट कोहली जिस निरंतरता के साथ मैच जिताऊ पारियां खेलते हैं, वह उन्हें इतिहास का सबसे महान वनडे बल्लेबाज बनाती है.

आंकड़ों में विराट ने सचिन को कैसे पछाड़ा?
अगर आंकड़ों के दृष्टिकोण से इस तुलना को समझा जाए, तो सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 463 वनडे मैचों की 452 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 18426 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 49 शतक और 96 अर्धशतक निकले हैं. दूसरी तरफ, विराट कोहली ने अब तक खेले गए अपने 314 वनडे मुकाबलों की 302 पारियों में ही 14941 रन बना लिए हैं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कम मैच खेलने के बावजूद विराट ने वनडे इंटरनेशनल में 54 शतक और 79 अर्धशतक जड़े हैं. सचिन के मुकाबले काफी कम मैच खेलकर शतकों के मामले में उनसे आगे निकल जाना ही विराट की उस काबिलियत को दर्शाता है, जिसने एरोन फिंच जैसे दिग्गज को मजबूर किया कि वह कोहली को सचिन से ऊपर नंबर एक पायदान पर रखें.

सचिन दूसरे स्थान पर, पोंटिंग और डिविलियर्स भी आगे
फिंच की इस ऑल-टाइम लिस्ट में सचिन तेंदुलकर दूसरे स्थान पर काबिज हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि सचिन का युग और उनके द्वारा बनाए गए रनों के विशाल पहाड़ को कभी भुलाया नहीं जा सकता, लेकिन मौजूदा युग के समीकरणों में विराट का प्रभाव थोड़ा भारी पड़ता है. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के मिस्टर 360 डिग्री बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को जगह मिली है, जिनकी मैदान के चारों तरफ शॉट खेलने की क्षमता ने वनडे क्रिकेट की परिभाषा ही बदल दी थी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया को दो बार अपनी कप्तानी में विश्व कप जिताने वाले रिकी पोंटिंग को फिंच ने चौथे स्थान पर रखा है.

रोहित शर्मा टॉप-3 से बाहर, मिला 5वां स्थान
भारतीय प्रशंसकों और क्रिकेट पंडितों के लिए सबसे चौंकाने वाला फैसला रोहित शर्मा की रैंकिंग को लेकर रहा. वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक जमाने वाले इकलौते बल्लेबाज रोहित शर्मा को एरोन फिंच ने अपनी सूची में 5वें नंबर पर रखा. रोहित को टॉप-3 में शामिल न किए जाने पर बहस जरूर छिड़ सकती है, लेकिन फिंच का मानना है कि मध्यक्रम और शीर्ष क्रम के संतुलन के हिसाब से डिविलियर्स और पोंटिंग का स्थान रोहित से ऊपर बनता है. इसके बावजूद, रोहित को 5वें स्थान पर रखकर फिंच ने उन्हें कई अन्य महान खिलाड़ियों से आगे माना है.

सर विवियन रिचर्ड्स के साथ मजबूरी में हुआ समझौता
क्रिकेट इतिहास के सबसे खौफनाक और आक्रामक बल्लेबाजों में से एक, वेस्टइंडीज के सर विवियन रिचर्ड्स को फिंच की इस रैंकिंग में छठा स्थान मिला. दरअसल, फिंच को दिए गए विकल्पों में रिचर्ड्स का नाम सबसे अंत में आया था और सूची के स्लॉट पहले ही भर चुके थे, जिसके चलते मजबूरी में फिंच को उन्हें छठे स्थान पर समायोजित करना पड़ा.

सनथ जयसूर्या और एडम गिलक्रिस्ट को मिली जगह
सूची के अंतिम दो पायदानों पर श्रीलंका के आक्रामक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या और ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का कब्जा रहा. जयसूर्या को 7वें और गिलक्रिस्ट को 8वें स्थान पर रखा गया. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने 90 के दशक और 2000 के शुरुआती दशक में पावरप्ले के दौरान बल्लेबाजी के अंदाज को पूरी तरह बदलकर रख दिया था.

क्रिकेट जगत में फिर छिड़ी बहस
एरोन फिंच की इस ऑल-टाइम टॉप-8 वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग ने एक बार फिर क्रिकेट जगत में इस बहस को छेड़ दिया है कि क्या आंकड़े ही सब कुछ होते हैं या मैच जिताने की क्षमता और प्रभाव ज्यादा मायने रखता है. भले ही रोहित शर्मा और विवियन रिचर्ड्स के फैंस को यह रैंकिंग थोड़ी असहज लगे, लेकिन फिंच के इस चयन ने साफ कर दिया है कि विराट कोहली का वनडे फॉर्मेट में दबदबा किस कदर वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया जा चुका है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *