नहीं देख सकते दुनिया, लेकिन हुनर से रोशन करते हैं हजारों घर, दिल्ली के दिवाली बाजार में दिखी नेत्रहीनों की काबिलियत

होमताजा खबरDelhi

नहीं देख सकते दुनिया पर हुनर से रोशन करते हैं घर, दिल्ली का खास दिवाली बाजार

Last Updated:

Delhi Diwali Special Market: दिल्ली में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन की ओर से 42 साल से विशेष दिवाली बाजार लगाया जा रहा है. यहां देख नहीं सकने वाले बच्चे अपने हाथों से बनाए सामान बेचते हैं. इस बाजार में 100 से ज्यादा एनजीओ भी शामिल हैं. ये पूरे साल सामान तैयार करते हैं जो इस समय बेचा जाता है.

ख़बरें फटाफट

दिल्ली. दिवाली के मौके पर दिल्ली में जगह-जगह बाजार सजे हुए हैं. कहीं कपड़ों की खरीदारी हो रही है, तो कहीं घर सजाने के लिए दीये और दूसरी चीजें मिल रही हैं. लेकिन दिल्ली में एक ऐसा बाजार भी लगा है, जो अपनी खासियत की वजह से लोगों का ध्यान खींच रहा है. यहां सामान सिर्फ बिकता नहीं, बल्कि कई लोगों की मेहनत और हुनर की कहानी भी बयां करता है.

42 साल से लग रहा दिवाली बाजार
दिल्ली की ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन की ओर से आयोजित यह दिवाली बाजार पिछले 42 साल से लगाया जा रहा है. इस बाजार की खास बात यह है कि यहां एसोसिएशन के वो बच्चे और प्रशिक्षु अपने हाथों से बनाए सामान बेचते हैं, जो देख नहीं सकते या जिन्हें देखने में परेशानी होती है. यहां मोमबत्तियां, पेपर बैग, लिफाफे और सिलाई से जुड़े कई तरह के सामान मिलते हैं. इन चीजों को बनाने का काम पूरे साल चलता है, ताकि दिवाली के समय इन्हें बाजार में लाया जा सके.

100 से ज्यादा एनजीओ और स्टॉल्स की भागीदारी
इस बाजार में एसोसिएशन के अपने उत्पादों के अलावा दूसरे दुकानदार और संस्थाएं भी अपने सामान के स्टॉल लगाती हैं. आयोजकों के मुताबिक, यहां करीब 100 से 110 एनजीओ को भी जगह दी जाती है, ताकि वे अपने बनाए उत्पाद बेच सकें और आर्थिक मदद जुटा सकें. यहां दिवाली की सजावट से लेकर कपड़े, जूते, चप्पल और रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई चीजें मिल जाती हैं. बाजार में मसाज से जुड़ी सेवाएं भी देखने को मिलती हैं.

बच्चों की काबिलियत को पहचान दिलाना मकसद
आयोजकों का कहना है कि इस बाजार का मकसद सिर्फ फंड जुटाना नहीं है, बल्कि बच्चों की काबिलियत को लोगों तक पहुंचाना भी है. यहां बच्चे ट्रेनिंग के दौरान अलग-अलग चीजें बनाना सीखते हैं और अपने हुनर को लोगों के सामने लाते हैं. इस बाजार से होने वाली कमाई एसोसिएशन के कामों में भी मदद करती है.

5 नवंबर तक कर सकते हैं खरीदारी
यह दिवाली बाजार 5 नवंबर तक लगा रहेगा. बाजार का समय सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक है. दिवाली के दिन खरीदारी के लिए समय शाम 4 बजे तक बताया गया है. ऐसे में अगर आप दिवाली की खरीदारी के लिए बाजार जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां आकर सामान खरीदने के साथ-साथ उन लोगों की मेहनत को भी करीब से देख सकते हैं, जो अपने हुनर से त्योहार की खुशियों में रंग भर रहे हैं.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *