Last Updated:
दिल्ली के सरकारी स्कूल के चार छात्रों ने कमाल कर दिखाया है. उन्होंने ₹2200 की लागत से ‘मास्टर चार्जर’ बनाया है. यह एक ही सॉकेट से ढाई घंटे में 20 बैटरियां और फोन चार्ज करता है. यह तकनीक पूरी तरह सुरक्षित है और छात्र इससे कमाई भी कर रहे हैं.
नई दिल्ली: कौन कहता है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई अच्छी नहीं होती है. दिल्ली के एक सरकारी स्कूल के छात्रों ने इसे गलत साबित कर दिखाया है. यहां पढ़ाई के साथ-साथ छात्र नए-नए रिसर्च भी कर रहे हैं. दिल्ली के सीमापुरी स्थित ‘गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल’ के चार छात्रों ने मिलकर एक बेहद कमाल की टेक्नोलॉजी तैयार की है. इसकी मदद से महज एक सॉकेट से ढाई घंटे में एक साथ 20 से ज्यादा बैटरियां चार्ज की जा सकती हैं. यह तकनीक काफी सस्ती है. बिजली बचाती है और शॉर्ट सर्किट जैसे हादसों से भी पूरी तरह सुरक्षित है. इसे मोहम्मद ज़ैद, मोहम्मद निशान, मोहम्मद मुस्तफा और मोहम्मद शालिब ने मिलकर बनाया है.
प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) से बनाया मल्टीपल सॉकेट
छात्र मोहम्मद ज़ैद ने बताया कि बाजार में मिलने वाले एक सामान्य चार्जर की कीमत करीब 180 रुपये होती है. उससे एक बार में केवल एक ही बैटरी चार्ज हो पाती है. इसलिए चारों छात्रों ने मिलकर चार्जर से प्रिंटेड सर्किट बोर्ड निकाला और एक विशेष मल्टीपल सॉकेट तैयार किया. इस सॉकेट से महज ढाई घंटे में 20 बैटरियां एक साथ चार्ज हो जाती हैं. इसे बनाने में कुल ₹2200 की लागत आई है. इस सॉकेट से बैटरियों के अलावा मोबाइल फोन भी चार्ज किए जा सकते हैं. इसमें एक खास सेंसर लगाया गया है, जो यह बताता है कि बैटरी कितने प्रतिशत चार्ज हुई है. छात्र पिछले एक साल से इस पर काम कर रहे थे और छह महीने पहले यह बनकर पूरी तरह तैयार हो गया.
सॉकेट के जरिए कमाई भी हुई शुरू
छात्र मोहम्मद शालिब ने बताया कि वे इस मल्टीपल सॉकेट से कमाई भी करने लगे हैं. आसपास के लोग उनके पास अपनी बैटरियां चार्ज करवाने आते हैं. वे लोगों को किराए पर बैटरी चार्ज करके देते हैं. अब तक वे इससे ₹2000 से ₹2500 तक की कमाई कर चुके हैं. चारों छात्रों ने इस डिवाइस का नाम मास्टर चार्जर रखा है, क्योंकि यह एक साथ 20 बैटरियां चार्ज करता है. स्कूल प्रशासन से भी छात्रों को काफी मदद मिल रही है. छात्र अब इसे एक स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने का सपना देख रहे हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें
