Last Updated:
डीयू प्रशासन के मुताबिक, पीजी कोर्स में एडमिशन के लिए छात्रों का CUET-PG परीक्षा में शामिल होना जरूरी है. इसी स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और सीट आवंटन होगा. छात्रों को आवेदन फॉर्म भरते समय सभी जानकारी सही तरीके से भरने की सलाह दी गई है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.
नई दिल्ली: राजधानी के दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्सेज़ में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी एडमिशन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक छात्र निर्धारित पोर्टल पर जाकर 7 जून तक आवेदन कर सकते हैं. इस बार भी दाखिला पूरी तरह से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-PG) के स्कोर के आधार पर किया जाएगा. बिना CUET स्कोर के किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा.
CUET स्कोर होगा सबसे अहम
डीयू प्रशासन के अनुसार, पीजी कोर्सेज़ में एडमिशन के लिए छात्रों को सबसे पहले CUET-PG परीक्षा में शामिल होना जरूरी है. उसी के प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी. इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करते समय अपनी जानकारी ध्यान से भरें ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.
नई शिक्षा नीति के तहत बदला PG कोर्स का ढांचा
नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार अब दिल्ली यूनिवर्सिटी में पीजी पढ़ाई के दो विकल्प उपलब्ध होंगे एक साल और दो साल के मास्टर डिग्री कोर्स. इससे छात्रों को अपनी पढ़ाई और करियर के हिसाब से विकल्प चुनने में आसानी होगी.
फिलहाल दो वर्षीय कोर्स के लिए शुरू हुए आवेदन
अभी यूनिवर्सिटी ने केवल दो साल वाले पीजी कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है. वहीं, एक साल के मास्टर प्रोग्राम में दाखिले के लिए बाद में अलग पोर्टल के जरिए आवेदन मांगे जाएंगे.
जानिए कितना लगेगा आवेदन शुल्क
डीयू पीजी एडमिशन के लिए आवेदन शुल्क अलग-अलग वर्गों के अनुसार तय किया गया है. अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों को हर कोर्स के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों के लिए यह शुल्क 250 रुपये प्रति कार्यक्रम रखा गया है.
समय निकलने पर भी मिलेगा आवेदन का मौका
जो छात्र तय समय तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उनके लिए यूनिवर्सिटी मिड-एंट्री विंडो खोलेगी. इसमें 1,000 रुपये अतिरिक्त शुल्क देकर आवेदन किया जा सकेगा. इसके अलावा खाली सीटों के लिए स्पॉट एडमिशन राउंड भी आयोजित होंगे. यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सलाह दी है कि एडमिशन से जुड़ी हर नई अपडेट के लिए नियमित रूप से पोर्टल चेक करते रहें.
