सावन के दो हफ्ते बीत चुके हैं. इस महीने में मौसम ने कई रंग दिखाए हैं. जहां दिल्ली-एनसीआर में पहले हफ्ते में झूमकर बारिश हुई थी, वहीं दूसरे हफ्ता लगभग सूखा निकला या छिटपुट बारिश हुई. आज नाग पंचमी है, अगर आप दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से रह रहे हैं तो क्या आपको याद है कि आपने नाग पंचमी पर झमाझम बारिश कब देखी थी? इस बार मौसम कैसा रहने वाला है? आइए जानते हैं भारत मौसम विभाग की भविष्यवाणी क्या कह रही है.
भारत मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की बारिश की संभावना है. इससे मौसम में भी नरमी दिखाई देगी और आज तापमान न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस से अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
आईएमडी) के अनुसार, सोमवार, 17 अगस्त 2026 को दिल्ली-एनसीआर में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन वैज्ञानिकों की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. वहीं पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में कोई ढंग की बारिश नहीं हुई है. इस दौरान नमी भी ठीक थी, जिससे उमस तो महसूस हुई लेकिन बारिश नहीं हुई.
हालांकि जो लोग दिल्ली-एनसीआर में रह रहे हैं उन्हें शायद पता होगा और भारतीय मौसम विभाग का डेटा भी है कि आमतौर पर नाग पंचमी के दिन बारिश बहुत ज्यादा नहीं होती है. पिछले साल 2025 में भी 29 जुलाई को नाग पंचमी के दिन बारिश छिटपुट थी. वहीं उससे पहले के सालों में भी इस दिन मॉनसून सक्रिय रहा है और मौसम हल्का ठंडा रहता है लेकिन बारिश कुछ खास नहीं हुई. ऐसे में इस बार भी मौसम विभाग का अनुमान लगभग ऐसा ही है और आज के दिन मूसलाधार या झमाझम बारिश की उम्मीद नहीं की जा सकती.
पिछले सालों में कैसी हुई नाग पंचमी पर बारिश
- 2025 (29 जुलाई) में मानसून सक्रिय था, लेकिन ठीक उस दिन खास बारिश नहीं हुई.
- 2024 (9 अगस्त) को हल्की बारिश हुई. इस साल अगस्त कुल मिलाकर बहुत गीला रहा क्योंकि लगभग 390 मिमी बारिश हुई लेकिन नाग पंचमी वाले दिन मौसम हल्का रहा.
- 2023 (21 अगस्त) को सूखा रहा. पूरे अगस्त में ही सिर्फ 91.8 मिमी बारिश हुई और नाग पंचमी पर धूप निकली.
- 2022 (2 अगस्त) में भी मौसम ठंडा था पर बारिश गायब थी.
- 2021 (13 अगस्त) को अच्छी बारिश हुई और कई साल का रिकॉर्ड भी टूटा.
- 2020 (25 जुलाई) को मानसून सक्रिय था और अगस्त में अच्छी बारिश हुई, लेकिन ठीक नाग पंचमी वाले दिन मौसम सामान्य रहा.
- 2019 (5 अगस्त) को हल्की बारिश हुई.
आईएमडी का अनुमान है कि आज के बाद अगले दो दिनों तक भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने वाला है. मंगलवार, 18 अगस्त को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस दौरान आसमान में सामान्य बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, लेकिन बहुत बारिश होने संभावना नहीं है.
बुधवार, 19 अगस्त को भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.खासतौर पर दिल्ली एनसीआर के नॉर्थ दिल्ली, साउथ दिल्ली और नोएडा, गुरुग्राम में भी ऐसा ही मौसम रहेगा.
