Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में अर्नब तूफान का असर दिखने लगा है. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में आज यानी गुरुवार सुबह-सुबह बारिश हुई. जी हां, दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट ली है. चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम में आए इस बदलाव से ठंड का अहसास होने लगा है. वैसे भी आईएमडी यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 अक्टूबर को दिल्ली में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई थी. आज हो रही बारिश से ठंड बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में भी गिरावट का अनुमान है.
दरअसल दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. राजधानी के कई इलाकों में सुबह-सुबह बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहाना हो गया है और ठंड का अहसास भी बढ़ने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान था. अभी से ही इसका असर भी दिख रहा है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 26-28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम का यह बदला मिजाज 30 अक्टूबर को भी जारी रहने की संभावना है.
कहां-कहां बारिश हुई?
संगम विहार
कालकाजी
ओखला
जामिया
कालिंदी कुंज
नोएडा सेक्टर 65
नोएडा सेक्टर 50
नोएडा सेक्टर 52
नोएडा सेक्टर 98
अगले तीन दिनों तक बारिश
बहरहालल, मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही तापमान में आ रही गिरावट के चलते लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है.
पूर्वानुमान हुए सही
वहीं, दूसरी ओर हवा की गुणवत्ता एक बार फिर से लाल निशान को पार कर चुकी है, जिससे सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि मौसम में असली बदलाव 29 अक्टूबर से देखने को मिलेगा. इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. सुबह होते ही अनुमान सही साबित हो गए. बारिश हुई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी तरह, 30 अक्टूबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी और तापमान 26 डिग्री (अधिकतम) और 18 डिग्री (न्यूनतम) के आसपास रहेगा.
2 नवंबर तक का मौसम अपडेट
31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 28 डिग्री से 19 डिग्री के बीच रहेगा. वहीं, 1 नवंबर और 2 नवंबर को भी आसमान साफ से लेकर आंशिक बादलों वाला रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. मौसम में बदलाव का असर हवा की गुणवत्ता पर भी साफ तौर पर देखा जा सकता है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर से बढ़कर ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है.
