Last Updated:
Ghaziabad Encounter News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में बुधवार की सुबह दो अलग-अलग एनकाउंटर हुए हैं. पुलिस ने इन दोनों एनकाउंटर में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सागर खान, शिवम उर्फ डमरू, आरिफ और जुबेर के रूप में हुई है.
गाजियाबाद में पुलिस ने किया चार बदमाशों का एनकाउंटर.
गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक, मोदीनगर से भोजपुर की ओर बाइक पर जा रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया. दोनों भागने लगे और रास्ते में बाइक गिरने के बाद खेतों की ओर दौड़ पड़े. पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया.
सागर और डमरू ने की थी लूट
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सागर खान और नोएडा निवासी शिवम उर्फ डमरू के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने 28 जुलाई को परतापुर से नोएडा जाते समय एक व्यक्ति से कार में लूटपाट करने की बात कबूल की है. आरोपियों के पास से पीड़ित का लैपटॉप, कुछ रुपये और निजी पहचान संबंधी दस्तावेज लूटे जाने की जानकारी मिली.
गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र में हुआ एनकाउंटर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो 315 बोर के तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, लूटा गया लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इसके अलावा गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में बुधवार को स्वाट, सर्विलांस टीम और नंदग्राम पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई. मोरटी तिराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी.
आरिफ और जुबेर का पुलिस ने किया एनकाउंटर
घायल बदमाशों की पहचान आरिफ और जुबेर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले भी लूट और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं और नंदग्राम क्षेत्र में दोबारा किसी वारदात की फिराक में घूम रहे थे. पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो सोने की टिक्की, दो तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं. घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
About the Author
Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
और पढ़ें
