Last Updated:
जयपुर की रेखा ने बाजरे से टेस्टी स्नैक्स बनाकर नई पहचान बनाई है. उन्होंने अनहेल्दी स्नैक्स का विकल्प दिया है. महज दो साल में उनके बिजनेस का टर्नओवर 30 लाख रुपये पहुंच गया है. पीएम मोदी के मिलेट मिशन से प्रेरणा लेकर उन्होंने सफलता की नई कहानी लिखी है.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोटे अनाज यानी ‘मिलेट्स’ को बढ़ावा देने की पहल ने कई लोगों के लिए नए रास्ते खोले हैं. इनमें से एक हैं राजस्थान के जयपुर की रहने वाली रेखा. उन्होंने बाजरे से टेस्टी और हेल्दी स्नैक्स बनाकर अपना बड़ा बिजनेस खड़ा कर लिया है. महज दो साल में उनके बिजनेस का टर्नओवर 30 लाख रुपये तक पहुंच चुका है.
कैसे आया बिजनेस का आइडिया?
भारत सरकार ने वर्ष 2018 को ‘राष्ट्रीय मिलेट वर्ष’ घोषित किया था. इसके बाद पीएम मोदी की पहल और भारत के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को ‘अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष’ घोषित किया. रेखा ने देखा कि बाजार में मिलने वाले अनहेल्दी स्नैक्स खाकर बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और लोगों की सेहत बिगड़ रही है.
तभी उनके मन में विचार आया कि क्यों न मोटे अनाज से बने पौष्टिक स्नैक्स तैयार किए जाएं. अगर स्नैक्स स्वादिष्ट और हेल्दी होंगे तो बच्चे और बुजुर्ग सभी इसे खुशी-खुशी खाएंगे. इसी सोच के साथ उन्होंने 2023 में बाजरे से स्नैक्स बनाने की शुरुआत की.
‘वैदिक आहार’ के जरिए सेहत का ख्याल
रेखा अपने ब्रांड ‘वैदिक आहार’ के जरिए लोगों को जागरूक कर रही हैं. दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया. रेखा ने बताया कि उनके स्नैक्स पूरी तरह से प्राकृतिक हैं। इनमें किसी भी तरह का कृत्रिम रंग, प्रिजर्वेटिव या मैदा नहीं मिलाया गया है.
यह स्नैक्स हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद हैं. लोगों की जेब का ख्याल रखते हुए इनकी कीमत सिर्फ 200 से 250 रुपये के बीच रखी गई है. यही वजह है कि बाजार में इनकी मांग काफी तेजी से बढ़ रही है.
30 लाख रुपये तक पहुंचा टर्नओवर
साल 2023 में रेखा ने अपने आइडिया पर काम शुरू किया और उत्पादों के सही फॉर्मूले तैयार किए. इसके बाद 2024 में उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपना बिजनेस लॉन्च किया.
उनकी मेहनत का परिणाम यह रहा कि 2024 से लेकर अप्रैल 2026 के बीच उनके बिजनेस का टर्नओवर करीब 30 लाख रुपये तक पहुंच गया. रेखा को उम्मीद है कि आने वाले समय में उनका टर्नओवर दोगुना हो जाएगा. देशभर में लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से उनके प्रोडक्ट्स की खरीदारी कर रहे हैं.
रेखा का कहना है कि मजबूत इरादे और सही दिशा में काम किया जाए तो किसी भी विचार को एक सफल बिजनेस में बदला जा सकता है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें
