Last Updated:
Laphing Recipe: अगर आपको चाइनीज और चटपटा खाना अच्छा लगता है तो लाफिंग भी जरूर पसंद आता होगा. इसे आमतौर पर लोग स्ट्रीट फूड के तौर पर घर के बाहर ही खाते हैं लेकिन इसे घर पर भी बनाया जा सकता है. अगर लांफिंग के शौकीन हैं तो जानिए कैसे तैयार होती है यह डिश.
दिल्ली. अगर आपको तीखा, चटपटा और कुछ अलग खाने का मन है तो लाफिंग एक बढ़िया ऑप्शन है. खासतौर पर मोमो और नूडल्स पसंद करने वालों के बीच लाफिंग का स्वाद काफी पसंद किया जाता है. इसकी खासियत सिर्फ इसकी तीखी चटनी नहीं, बल्कि इसे बनाने का तरीका भी है. ट्रेडिशनल लाफिंग में आटे से सीधे नूडल्स नहीं बनाए जाते, बल्कि पहले आटे से स्टार्च निकाला जाता है. इसी से लाफिंग को उसका खास टेक्सचर मिलता है.
सबसे पहले तैयार करें आटा
लाफिंग बनाने के लिए सबसे पहले मैदा लें और उसमें पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. आटे को करीब 10-15 मिनट तक अच्छी तरह मसलें, ताकि वह चिकना हो जाए. अब इसे एक बर्तन में रखकर ऊपर से पानी डाल दें और कुछ देर के लिए छोड़ दें.
आटे से ऐसे निकालें स्टार्च
अब असली तरीका शुरू होता है. आटे को उसी पानी में हाथ से अच्छी तरह मसलते रहें. ऐसा करने पर आटे से स्टार्च निकलकर पानी में आने लगेगा और आटा धीरे-धीरे अलग होने लगेगा. पानी को कुछ देर बिना हिलाए रख दें. इसके बाद ऊपर का पानी धीरे-धीरे निकाल दें. नीचे जो सफेद स्टार्च जमा होगा, वही लाफिंग बनाने में इस्तेमाल किया जाता है.
स्टार्च से बनाएं लाफिंग की परत
अब इस स्टार्च को एक बर्तन में निकालकर जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिलाएं और अच्छी तरह घोल लें. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर पारदर्शी और चिकना होने लगे, तो इसे एक प्लेट या चिकनी सतह पर पतली परत में फैला दें. इसे ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद यह जम जाएगा. अब इसे पतली-पतली स्ट्रिप्स में काट लें. यही आपकी लाफिंग तैयार है.
अब बनाएं तीखी-चटपटी चटनी
लाफिंग का असली स्वाद इसकी चटनी से आता है. इसके लिए सूखी लाल मिर्च को भिगोकर पीस लें. इसमें लहसुन, नमक, थोड़ा सिरका, सोया सॉस और जरूरत के हिसाब से पानी डालें. चाहें तो थोड़ा तिल का तेल भी डाल सकते हैं. अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
ऐसे करें लाफिंग तैयार
एक प्लेट में कटी हुई लाफिंग की परत डालें. ऊपर से तैयार लाल चटनी डालें. इसमें थोड़ा सिरका, सोया सॉस और बारीक कटे लहसुन का पानी डालें. अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. अब रोल करके कटिंग कर लें. बस तैयार है आपकी लाफिंग.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें
