ट्रेनों में यात्रा होगी और भी शानदार, खराब खाने को लेकर एक्शन में बोर्ड, अचानक पहुंचे IRCTC वॉर रूम चेयरमैन

Last Updated:

IRCTC War Room News: रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ ने आज नई दिल्ली के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित आईआरसीटीसी वॉर रूम का दौरा किया. लगभग दो घंटे तक चली इस समीक्षा बैठक में यात्री सुविधाओं, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और शिकायत निवारण को लेकर खूब चर्चा हुई. उन्होंने ट्रेनों में खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और बुनियादी यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया. इसके अलावा, अधिकारियों को औचक निरीक्षण और फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं.

आईआरसीटीसी ऑफिस में चेयरमैन.

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है. ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अक्सर होने वाली शिकायतों पर अब रेलवे बोर्ड सख्त हो गया है. किसी भी प्रकार की लापरवाही पर रुख अपनाया है. रविवार को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने नई दिल्ली स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में चल रहे IRCTC के हाईटेक ‘वॉर रूम’ का अचानक दौरा किया और इसकी निगरानी प्रणाली की समीक्षा की.

अध्यक्ष ने वॉर रूम में करीब दो घंटे बिताए. उन्होंने IRCTC के कामकाज, सर्विलांस और परिचालन संबंधी गतिविधियों का बारीकी से मुआयना किया. इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान IRCTC के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD L/A) राहुल हिमालियन और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों के साथ हुई विस्तृत बातचीत में मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं पर फोकस किया गया कि यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को कैसे और अधिक सुलभ बनाया जाए. साथ ही चलती ट्रेनों में सेवाओं पर डिजिटल तकनीक के रीयल-टाइम निगरानी पर भी बात हुई. उन्होंने यात्रियों की शिकायतों के तुरंत समाधान पर जोर दिया.

औचक निरीक्षण और छापे के निर्देश
बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सेवा निगरानी के मामले में ‘प्रो-एक्टिव’ और अधिक कठोर कदम उठाएं. उन्होंने कमियों की पहचान करने और उन्हें तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए, जिसमें

  • पैंट्री कार और बेस किचन की लगातार जांच हो.
  • बिना पूर्व सूचना के अचानक जांच अभियान चलाए जाएं ताकि असलियत सामने आ सके.
  • जमीनी स्तर पर निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाए.

खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता पर फोकस
रेल यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत अक्सर खाने को लेकर होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष ने फूड क्वालिटी, हाइजिन और भोजन पकाने के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वे पूरे रेल नेटवर्क में खानपान सेवाओं की निरंतर निगरानी करें, ताकि कोई भी वेंडर तय मानकों के साथ खिलवाड़ न कर सके.

यात्रियों के बेहतरीन अनुभव की तैयारी
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने वॉर रूम के माध्यम से तकनीक-आधारित निगरानी की तारीफ की. यह दौरा इस बात का स्पष्ट संकेत है कि रेलवे बोर्ड अपनी निगरानी प्रणालियों को लगातार अपग्रेड कर रहा है. IRCTC के वॉर रूम का मुख्य उद्देश्य यही है कि तकनीक, नियमित फील्ड निरीक्षण और सख्त अनुपालन व्यवस्था के जरिए भारतीय रेलवे की सेवाओं को उच्च गुणवत्ता का बनाया जाए और यात्रियों को एक शानदार सफर का अनुभव मिल सके.

About the Author

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *