दिल्ली के स्कूलों ने जारी किया अलर्ट, बच्चों में दिखें ये लक्षण तो न भेजें क्लास

Last Updated:

Delhi Schools Advisory H1N1 Flu: दिल्ली में सीजनल इन्फ्लूएंजा और H1N1 (स्वाइन फ्लू) के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों ने एडवाइजरी जारी की है. बच्चों में सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर माता-पिता को उन्हें घर पर रखने की सलाह दी गई है. जानिए गाइडलाइंस और बचाव के तरीके.

Delhi Schools Advisory H1N1 Flu: दिल्ली के कई स्कूलों ने बच्चों के लिए एडवाइजरी जारी की है

नई दिल्ली (Delhi Schools Advisory H1N1 Flu). राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में बदलते मौसम और मानसून के बीच सीजनल इन्फ्लूएंजा और H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ दिनों से स्कूली बच्चों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और बदन दर्द जैसे लक्षण काफी ज्यादा सामने आ रहे हैं. कुछ बच्चे कई-कई दिनों तक बीमार रहने के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं.

इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के कई निजी और प्रतिष्ठित स्कूलों ने पेरेंट्स के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है. स्कूलों ने पेरेंट्स से अपील की है कि अगर उनके बच्चे में फ्लू जैसे थोड़े भी लक्षण दिखाई देते हैं तो उन्हें जबरदस्ती स्कूल न भेजें और घर पर ही रखकर इलाज कराएं. इस स्थिति में बच्चों का रेस्ट करना ज्यादा जरूरी है. जानिए स्कूलों ने पेरेंट्स से क्या-क्या सावधानियां बरतने के लिए कहा है और मामलों में कितनी बढ़ोतरी हुई है.

‘बच्चा बीमार है तो घर पर रखें’: स्कूलों की सख्त हिदायत

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण दिल्ली के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल और रोहिणी के वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल सहित कई प्रमुख संस्थानों ने पेरेंट्स को एडवाइजरी भेजी है. टैगोर इंटरनेशनल की प्रिंसिपल मल्लिका प्रेमन और वेंकटेश्वर ग्लोबल की प्रिंसिपल नमिता सिंघल ने स्पष्ट किया है कि बच्चे को बुखार, खांसी, थकान या सांस लेने में थोड़ी भी तकलीफ हो तो उसे घर में ही आराम करने दें.

इस स्थिति में हल्के लक्षणों को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. बीमार बच्चे से क्लास के अन्य स्टूडेंट्स और शिक्षकों में संक्रमण तेजी से फैल सकता है. स्कूलों ने कहा है कि बच्चा जब तक पूरी तरह ठीक न हो जाए और डॉक्टर उसे फिट न घोषित कर दें, तब तक उसे स्कूल न भेजें. ‘द इंडियन स्कूल’ ने तो यह भी कहा है कि अगर बच्चे में H1N1 की पुष्टि होती है तो इसकी सूचना तुरंत स्कूल को दें.

दिल्ली में H1N1 के मामलों का आंकड़ा और लक्षण

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इस साल H1N1 के 1,700 से ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं. डॉक्टरों का कहना है कि यह वायरस बहुत तेजी से फैलता है. इसके मुख्य लक्षण इस प्रकार हैं:

  • अचानक तेज बुखार और ठंड लगना
  • सूखी खांसी और गले में खराश होना
  • नाक बहना या बंद होना
  • सिरदर्द, बदन दर्द और अत्यधिक थकान महसूस होना
  • बच्चों में उल्टी या दस्त की शिकायत होना

पेरेंट्स को किन बातों का रखना होगा ध्यान?

स्कूलों और हेल्थ एक्सपर्ट्स ने पेरेंट्स को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है:

  • हाथों की सफाई: बच्चों को साबुन और पानी से बार-बार हाथ धोने या अल्कोहल-बेस्ड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की आदत डालें.
  • चेहरे को न छुएं: बच्चों को गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह छूने से रोकें.
  • मास्क का इस्तेमाल: भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और बाहर जाते समय मास्क पहनें.
  • डॉक्टर से सलाह: डॉक्टर की सलाह के बिना बच्चों को कोई भी एंटीबायोटिक या खुद से दवाइयां न दें.

About the Author

Deepali PorwalSenior Sub Editor

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is kno…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *