Last Updated:
दिल्ली के मधुबन चौक पर 9.62 करोड़ रुपये की लागत से डबल डेकर स्काईवॉक बन रहा है. यह 30 नवंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा, जिससे रिंग रोड को पैदल पार करने वाले यात्रियों को सुरक्षा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाएं भी कम हो जाएंगी. इसे लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी दी है.
दिल्ली के मधुबन चौक पर स्काईवॉक कम फुटओवर ब्रिज 30 नवंबर तक पूरा हो जाएगा, जानें इसके बारे में..
राजधानी दिल्ली के रिंग रोड पर अक्सर होने वाली दुर्घटनाओं पर अब रोक लगने जा रही है. मधुबन चौक पर अक्सर तेज-रफ्तार वाहनों की चपेट में आने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा अब मजबूत होने जा रही है. यहां बन रहा डबल डेकर स्काइवॉक और फुटओवर ब्रिज का काम तेजी से चल रहा है. हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले में बड़ा अपडेट दिया है.
राजधानी दिल्ली के मधुबन चौक पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा आउटर रिंग रोड पर 9.62 करोड़ रुपये की लागत से डबल डेकर स्काईवॉक तैयार किया जा रहा है. इस परियोजना का 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन तो मिलेगा ही हर साल होने वाली बड़ी सड़क दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से बताया गया है कि यह स्काईवॉक-एफओबी पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन, मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन और रोहिणी जिला न्यायालय के बीच सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराएगा. इनके इस्तेमाल से पैदल चलने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. इस रास्ते से मेट्रो यात्रियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों, न्यायालय आने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को कई महत्वपूर्ण स्थानों के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी. यह सुविधा सड़क से अलग स्तर पर पैदल आवागमन के लिए बनाई जा रही है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि स्काईवॉक के पूरा होने के बाद पैदल यात्रियों को व्यस्त आउटर रिंग रोड को पैदल पार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.सड़क पार करने के लिए अब स्काईवॉक एफओबी होगा. जिससे उनकी सुरक्षा बढ़ेगी और पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच टकराव भी कम होंगे. इतना ही नहीं इससे मधुबन चौक पर पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ता होने के बाद ट्रैफिक की समस्या भी नहीं रहेगी.
किन मेट्रो स्टेशनों को जोड़ेगी?
मुख्यमंत्री की ओर से आगे बताया गया कि मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के शुरू होने के साथ यह सुविधा मेट्रो नेटवर्क और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों के बीच बेहतर जुड़ाव तथा अंतिम छोर तक संपर्क मजबूत करने में मदद करेगी. मेट्रो स्टेशनों और आसपास के गंतव्यों के बीच सुरक्षित पैदल मार्ग मिलने से मेट्रो के इस्तेमाल और टिकाऊ व सार्वजनिक परिवहन आधारित आवागमन को बढ़ावा मिलेगा.
मधुबन चौक पर बन रहा यह स्काईवॉक पैदल यात्रियों को सुरक्षित मेट्रो और न्यायालय के बीच यात्रा का लाभ देगी. इसके पूरा होते ही मेट्रो स्टेशनों और रोहिणी जिला न्यायालय के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा साथ ही आउटर रिंग रोड पर यातायात के सुचारू प्रवाह में भी मदद मिलेगी.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ें
