चीनी के दामों में अचानक आई गिरावट… CM योगी ने बताया 7 महीने का स्टॉक, क्या त्योहारों पर और कम होंगे रेट? जानिए व्यापारियों की राय

Ghaziabad Sugar Price Drop: बढ़ती महंगाई के बीच चीनी के दामों में आई मामूली गिरावट ने आम लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद दी है. पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे चीनी के दाम अब कुछ नीचे आए हैं. गाजियाबाद के बाजार में गुरुवार को चीनी के थोक भाव में करीब 100 से 200 रुपये प्रति क्विंटल तक की कमी देखने को मिली, जबकि खुदरा बाजार में भी प्रति किलो एक से तीन रुपये तक दाम कम होने की बात सामने आई है. त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ चीनी की मांग बढ़ रही है, ऐसे में लोगों की नजर अब इस बात पर है कि आने वाले दिनों में दाम और कितने कम होते हैं.

प्रदेश में 7 महीने का पर्याप्त स्टॉक मौजूद: सीएम योगी
दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में चीनी की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में हर महीने करीब चार लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि अभी उत्तर प्रदेश के पास करीब 28 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद है. यानी प्रदेश के पास करीब सात महीने के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध है. मुख्यमंत्री के मुताबिक करीब एक महीने बाद चीनी मिलें भी शुरू हो जाएंगी और गन्ना मिलों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा, ऐसे में आने वाले समय में चीनी की उपलब्धता और बढ़ने की उम्मीद है.

थोक और खुदरा बाजार में आई गिरावट, व्यापारियों ने जताई उम्मीद
गाजियाबाद के चीनी व्यापारी ऋषभ ने बताया कि आज चीनी के दामों में कुछ कमी देखने को मिली है. थोक बाजार में करीब 100 से 200 रुपये प्रति क्विंटल तक की कमी आई है, जबकि खुदरा कीमतों में एक से दो रुपये प्रति किलो तक की गिरावट देखने को मिली है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में चीनी के दाम और कम हो सकते हैं. व्यापारियों का मानना है कि जिस तरह चीनी के दामों में बढ़ोतरी हुई थी उतनी तेजी नहीं होनी चाहिए थी, क्योंकि इसका सीधा असर बाजार और आम लोगों की जेब पर पड़ा है.

रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहार नजदीक हैं, ऐसे में मिठाइयों और प्रसाद में चीनी की खपत बढ़ेगी. ऋषभ ने बताया कि कल से आज तक थोक भाव में करीब 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर आया है. बाजार में चीनी का स्टॉक पर्याप्त है और दुकानों तक माल लगातार पहुंच रहा है. उनका कहना है कि त्योहारों के बाद चीनी के दामों में कुछ और कमी आने की संभावना है.

सरकारी सख्ती का असर और जमाखोरी पर रोक की मांग
चीनी व्यापारी संदीप बंसल ने बताया कि फिलहाल होलसेल बाजार में चीनी का भाव करीब 6250 रुपये प्रति क्विंटल है, इसके मुकाबले कल भाव 6350 से 6400 रुपये प्रति क्विंटल के बीच था. यानी एक दिन में करीब 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल की कमी आई है. उन्होंने कहा कि दाम कम होने की एक वजह सरकार की सख्ती भी मानी जा रही है. सरकार को बड़े शहरों में व्यापारियों के यहां चीनी के स्टॉक की जांच करनी चाहिए ताकि कोई व्यापारी तय सीमा से अधिक माल जमा करके न रख सके. उन्होंने बताया कि व्यापारियों के लिए 40 क्विंटल तक स्टॉक रखने की सीमा के आदेश हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद यदि कोई व्यापारी इससे अधिक चीनी जमा करके रख रहा है तो प्रशासन को जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए.

सस्ते दामों पर चीनी उपलब्ध कराने का सुझाव
संदीप बंसल ने कहा कि सरकार के पास पर्याप्त चीनी का स्टॉक मौजूद है और करीब एक महीने बाद चीनी मिलें भी शुरू हो जाएंगी, ऐसे में आने वाले समय में कीमतों में और कमी की उम्मीद है. उन्होंने सुझाव दिया कि अगर किसी बड़े व्यापारी के यहां तय सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक मिलता है तो प्रशासन को कार्रवाई करते हुए उस स्टॉक को सरकारी स्तर पर लेकर सस्ते दामों में बाजार में उपलब्ध कराना चाहिए. इससे आम लोगों को बढ़ती महंगाई से राहत मिल सकती है. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों में घरों में मिठाइयां बनती हैं और प्रसाद में भी चीनी का इस्तेमाल होता है, इसलिए इस समय लोगों को सस्ती चीनी उपलब्ध कराना जरूरी है.

अफवाहों पर विराम और आने वाले दिनों में और गिरावट के संकेत
वहीं चीनी व्यापारी अनमोल बंसल ने बताया कि आज चीनी के दामों में करीब दो से तीन रुपये प्रति किलो तक की कमी देखने को मिली है. उनका कहना है कि अगले दस दिनों में चीनी की कीमतों में और गिरावट आ सकती है. उन्होंने कहा कि बाजार में चीनी के दाम बढ़ने को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं और अफवाहें भी चल रही हैं, इनमें इथेनॉल से लेकर चीनी के स्टॉक तक की बातें शामिल हैं. हालांकि बाजार में पर्याप्त माल उपलब्ध है और आने वाले दिनों में कीमतों में कमी आने की उम्मीद बनी हुई है.

त्योहारी मांग के बीच बाजार के रुख पर टिकी नजरें
त्योहारों से पहले चीनी के दामों में आई यह शुरुआती गिरावट भले ही बहुत बड़ी राहत न हो, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं के लिए यह राहत की खबर जरूर है. अब लोगों की नजर अगले कुछ दिनों के बाजार भाव पर है कि चीनी की कीमतें और नीचे आती हैं या त्योहारों की बढ़ती मांग के बीच फिर से तेजी देखने को मिलती है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *