ससुराल ने घूंघट के लिए डाला दबाव, कोर्ट पहुंच गई बहू, बोली-पति को भी पहनाओ शेरवानी

Last Updated:

गाजियाबाद में घूंघट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया क‍ि शादी के दो द‍िन बाद ही बहू ने ससुरालीजनों के ख‍िलाफ पु‍ल‍िस में श‍िकायत दर्ज करा दी. नई बहू ने कहा क‍ि अगर वह घूंघट करेगी तो लड़का भी शेरवानी पहनकर घूमे. व‍िवाह‍िता ने ससुराल पर दबाव का आरोप लगाकर शिकायत की थी, अभी मामला तलाक तक पहुंच गया है.

घूंघट के ख‍िलाफ नई नवेली दुल्‍हन पहुंची कोर्ट, बोली पत‍ि भी शेरवानी पहन के घूमे.

ससुराल में पहुंची बेटे की शादी की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि घर आई नई-नवेली बहू ने ससुरालीजनों को पुलिस स्टेशन में पहुंचा दिया. रंगीन सपनों और नई उम्मीदों को लेकर पति के घर आई बहू ने जब माहौल देखा तो उसका माथा ठनक गया और शादी के दो दिन बाद ही वह पुलिस में शिकायत करने पहुंच गई. उसने आरोप लगाया कि ससुराल के लोग उस पर जबरन घूंघट करने का दबाव बना रहे हैं.

पति-पत्नी और ससुराल के बीच घूंघट को लेकर विवाद का यह अजीबोगरीब मामला गाजियाबाद के परिवार परामर्श केंद्र से सामने आया है. जब दो दिन पहले ही ससुराल में आई विवाहिता को परिवार वालों ने घूंघट करने के लिए बाध्य किया. इससे परेशान लड़की ने तुरंत इसकी शिकायत दर्ज करा दी.

विवाहिता ने इस दौरान परामर्श केंद्र में भी और परिवारीजनों से कहा कि अगर वह घूंघट करेगी तो उनका लड़का भी शेरवानी पहनकर घूमे. इससे विवाद इतना गहरा गया कि दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई और बात आखिरकार कोर्ट तक पहुंच गई. फिलहाल दोनों पक्षों ने तलाक के लिए अपील दायर कर दी है.

हिंदुस्तान में छपी खबर के मुताबिक भोजपुर की ममता की शादी एक साल पहले अलवर, राजस्थान के अंकुर (दोनों बदला हुआ नाम) से शादी हुई थी. ममता होम मेकर हैं और अंकुर निजी कंपनी में नौकरी करता है. ममता ने ससुरालीजनों पर आरोप लगाया कि शादी के अगले दिन से ही उसे घूंघट करने के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा, जबकि अब इस घूंघट को कौन करता है.

करीब दो दिन तक भीषण मानसिक दबाव झेलने के बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी और निजी स्वतंत्रता का हवाला देते हुए घूंघट करने से इनकार कर दिया. पुलिस से होते हुए यह मामला गाजियाबाद के परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचा, जहां दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई. हालांकि दोनों ही पक्षों के अड़े रहने पर मामला कोर्ट तक पहुंच गया है.

पिछले साल शुरू हुए इस विवाद को पिछले महीने ही पूरा एक साल हुआ है. काउंसलर्स के लाख समझाने के बाद भी जब दोनों पक्ष नहीं माने तो दोनों ने समझौता करने से मना कर दिया और परामर्श केंद्र ने मामले की फाइल बंद कर उसे कोर्ट को फैमिली कोर्ट को ट्रांसफर कर दिया.

फिलहाल इस मामले में दोनों ने तलाक की अर्जी कोर्ट में डाल दी है. परामर्श केंद्र के काउंसलर्स ने बताया कि इन दिनों शादीशुदा जोड़ों के बीच वैचारिक मतभेद और आधुनिक जीवनशैली को लेकर विवाद तेजी से बढ़ रहे हैं.

About the Author

प्रिया गौतमSenior Correspondent

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *