Last Updated:
krunal pandya team india: अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हुआ तो उसमें अपना नाम न देखकर क्रुणाल पंड्या का दिल टूट गया. 5 साल से टीम इंडिया में वापसी का इंतजार कर रहे इस स्टार ऑलराउंडर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया. आखिरी बार क्रुणाल ने 2021 में भारत के लिए टी20 मैच खेला था.
क्रुणाल पंड्या ने शेयर की इंस्टाग्राम स्टोरी.
नई दिल्ली. टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे क्रुणाल पंड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए जगह नहीं मिली, लेकिन 35 साल के ऑलराउंडर ने हार नहीं मानी है. टीम का ऐलान होने के बाद क्रुणाल ने सोशल मीडिया पर सिर्फ चार शब्द लिखकर एक पोस्ट शेयर किया. उनके पोस्ट से इशारा साफ है कि भारतीय टीम में दोबारा जगह बनाने की उम्मीद उन्होंने अभी छोड़ी नहीं है. भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली में खेली जाएगी. तीनों मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम में होने हैं.
सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार को हुआ, लेकिन क्रुणाल पंड्या का नाम उसमें नहीं था. इसके कुछ ही समय बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट के जरिए संकेत दिया कि टीम में वापसी की उनकी कोशिश जारी रहेगी. क्रुणाल ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए लिखा- ‘Hope is still alive.’ क्रुणाल ने आखिरी बार 2021 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं.
आईपीएल में दमदार खेल से खींचा ध्यान
IPL 2026 में उन्होंने एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए क्रुणाल ने सीजन में 14 विकेट हासिल किए और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में अपनी उपयोगिता साबित की. यही प्रदर्शन उन्हें भारतीय टी20 टीम में वापसी का दावेदार बनाने के लिए काफी था. हाल की टी20 सीरीज में भारत ने बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर के विकल्प को लेकर प्रयोग किए हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पिछले सात टी20 मुकाबलों में अक्षर पटेल सभी मैचों में खेले, लेकिन उनके खाते में सिर्फ चार विकेट आए. आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में अक्षर ने दो विकेट लिए, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ चार मुकाबलों में भी वह सिर्फ दो विकेट हासिल कर सके. इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने अफगानिस्तान सीरीज के लिए क्रुणाल की वापसी पर मुहर नहीं लगाई.
क्या अभी बाकी है वापसी की उम्मीद?
क्रुणाल भारतीय टी20 सेटअप में जगह बनाने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं. उनकी उम्र भले ही 35 साल हो चुकी है, लेकिन IPL 2026 का प्रदर्शन बताता है कि वह अभी भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में प्रभाव छोड़ने की क्षमता रखते हैं. एक अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर और उपयोगी बल्लेबाज के तौर पर क्रुणाल के पास टीम को संतुलन देने का विकल्प मौजूद है. आने वाले समय में वह दमदार खेल दिखाते रहे तो सेलेक्टर्स उन्हें टीम में शामिल कर सकते हैं.
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
