कंक्रीट के नीचे दबी सांसें… सत्य निकेतन बिल्डिंग के मलबे में तड़पते छात्र ने अंदर से बनाया 11 सेकंड का वीडियो

होमताजा खबरDelhi

कंक्रीट में दबी सांसें… सत्य निकेतन के मलबे में तड़पते छात्र ने बनाया वीडियो

Last Updated:

दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला पीजी ढहने से भयानक हादसा हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई और 20-30 छात्र मलबे में फंस गए. मलबे के नीचे दबे एक छात्र का 11 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह धूल और खून से सना अपने दोस्त से मदद मांग रहा है. NDRF और फायर ब्रिगेड संकरी गलियों के बावजूद फोन कॉल लोकेशन ट्रैक कर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू में जुटी हैं.

छात्र ने मलबे के बीच से वीडियो बनाया.

दिल्ली का सत्य निकेतन इलाका रविवार की दोपहर पूरी तरह दहल उठा, जब 5 मंजिला हॉस्टल डेज की कंक्रीट की इमारत ताश के पत्तों की तरह भरभराकर जमींदोज हो गई. चारों तरफ बिखरा मलबा, चीख-पुकार और मौत का मंडराता साया… लेकिन इस खौफनाक मंजर के बीच सोशल मीडिया पर सामने आए महज 11 सेकंड के एक क्लिप ने इंटरनेट पर हर किसी को हिलाकर रख दिया. मलबे के भारी-भरकम पत्थरों के नीचे दबा, धूल और खून से सना एक छात्र मौत से पंजा लड़ाते हुए खुद अपने फोन से वीडियो बना रहा है और अपने दोस्त से जिंदगी की भीख मांग रहा है. अंदर मौत से जंग लड़ते मासूमों की मदद के लिए लगातार बजते फोन और बाहर चलती सांसों को बचाने की जंग. सत्य निकेतन का यह हादसा हर किसी की रूह कंपा रहा है. मलबे के ढेर और चीख-पुकार के बीच मौत का आंकड़ा बढ़कर 5 हो गया है, जबकि 20 से 30 छात्रों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है.

मलबे में दबे छात्र का 11 सेकंड का वीडियो वायरल
हादसे के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बेहद इमोशनल और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ. महज 11 सेकंड के इस क्लिप में मलबे के नीचे दबा एक छात्र खुद अपना वीडियो शूट करता दिख रहा है. धूल से सना चेहरा, खून के निशान और चारों तरफ सिर्फ कंक्रीट के भारी टुकड़े… इस हालत में भी वह होश में है और कैमरे को चारों तरफ घुमाकर अपने दोस्त से मदद की गुहार लगा रहा है. इस दर्दनाक वीडियो को छात्र संगठन NSUI ने शेयर किया, जिसके बाद उनके कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में हाथ बटाने लगे.

मलबे के अंदर से आ रही हैं मदद के लिए कॉल
हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आस-पास की इमारतों के लोग अचानक आए तेज झटके और धमाके की आवाज सुनकर सड़कों पर भाग निकले. स्थानीय लोगों ने शुरुआती पलों में नंगे हाथों और जो मिला उसी औजार से कंक्रीट हटाने की कोशिश की. घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि मलबे के अंदर जिंदगी की जंग लड़ रहे छात्र लगातार फोन करके मदद मांग रहे हैं. रेस्क्यू टीमें फोन पर उनके संपर्क में हैं ताकि उन्हें हिम्मत दी जा सके और उनकी लोकेशन ट्रैक करके सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *