नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो में सफर करने का सबसे आसान तरीका स्मार्ट कार्ड का होता है. जो कि कभी-कभी खराब हो जाता है या टूट जाता है. ऐसे में लोगों को समझ में नहीं आता है कि कार्ड में बैलेंस तो है, लेकिन अब वो इस कार्ड का इस्तेमाल कैसे करें. डीएमआरसी ने इसके लिए कुछ नियम बना रखे हैं, जिसके तहत आपको नया कार्ड डीएमआरसी की ओर से मिल सकता है. वहीं, अगर आपका कार्ड चोरी हो गया है या खो गया है तो उसके लिए अलग प्रोसेस है.
दिल्ली एनसीआर में सफर का सबसे आसान तरीका मेट्रो स्टेशन ही है, जो चंद मिनटों में एक जगह से दूसरी जगह पर पहुंचा देती है. बेहद आरामदायक और सहूलियत से भरी हुई मेट्रो में टिकट बार-बार खरीदने से सबसे बेहतर होता है कि एक बार आप स्मार्ट कार्ड बनवा लें. उसमें आप जितने रुपए डालेंगे उतने रुपए खत्म होने तक आप आसानी से मेट्रो के स्टेशन में एंट्री और एग्जिट कर सकते हैं. यानी दिल्ली मेट्रो से आसानी से कहीं से भी सफर कर सकते हैं. आपको बार-बार टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
जानें कार्ड टूटने और खराब होने पर क्या करें
अगर आपने डीएमआरसी का स्मार्ट कार्ड ले रखा है और उसमें हजार रुपए का बैलेंस डलवा रखा है. ताकि आप आराम से एक जगह से दूसरे का सफर कर सके और आपको बार-बार टिकट खरीदने की जरूरत ना पड़े और ना ही आपको बार-बार कार्ड में बैलेंस डलवाने की जरूरत पड़े, लेकिन अगर यही आपका स्मार्ट कार्ड टूट जाता है या खराब हो जाता है तो डीएमआरसी ने इसके इसके लिए एक अलग प्रक्रिया बना रखी है. कार्ड टूटने और खराब होने पर आपको डीएमआरसी के कस्टमर केयर सेंटर पर जाना होगा.
जहां कस्टमर केयर सेंटर दिल्ली एनसीआर के हर मेट्रो स्टेशन पर बना हुआ है. उस कस्टमर केयर सेंटर पर जाकर आपको बताना होगा कि आपका कार्ड खराब हो गया है या टूट गया है. आपको यह भी बताना होगा कि आपके कार्ड में कितने रुपए का बैलेंस था. आपके टूटे और खराब हो चुके कार्ड की जांच डीएमआरसी के कस्टमर केयर पर बैठे हुए एक्सपर्ट करते हैं. उसके बाद अगर आपका कार्ड टूट गया है या खराब हो गया है, लेकिन उसमें बैलेंस है तो डीएमआरसी की ओर से आपको एक नया कार्ड दिया जाएगा.
जानें क्या फ्री होगा नया कार्ड
डीएमआरसी के कस्टमर केयर पर बैठे व्यक्ति से जब इस बारे में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि अगर आपका कार्ड खराब हो गया है या टूट गया है तो उसके लिए आपको डीएमआरसी का एक नया कार्ड खरीदना पड़ेगा. यह कार्ड फ्री बिल्कुल भी नहीं होगा. बल्कि इसके लिए आपको 150 रुपए देने होंगे. यानी 150 रुपए देकर आप डीएमआरसी का नया स्मार्ट कार्ड खरीदेंगे. उस 150 रुपए के नए कार्ड में आपके पुराने कार्ड का जो बैलेंस होगा, उसे ट्रांसफर कर दिया जाएगा. यानी अगर आपके पुराने कार्ड में हजार रुपए हैं तो उस हजार रुपए को 150 रुपए देकर लिए गए नए स्मार्ट कार्ड में ट्रांसफर कर दिया जाएगा. यानी आपको कार्ड फ्री नहीं मिलेगा.
कार्ड चोरी होने या खो जाने पर क्या होगा
डीएमआरसी के प्रवक्ता की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अगर आपका कार्ड चोरी हो गया है या खो गया है तो आपको इसके लिए सबसे पहले मेट्रो स्टेशन पर बने हुए कस्टमर केयर सेंटर पर जाना होगा. इसके बाद अपने स्मार्ट कार्ड के चोरी होने या को जाने की सूचना देनी होगी. अपने उस कार्ड को ब्लॉक करना होगा. क्योंकि डीएमआरसी यानी मेट्रो का जो स्मार्ट कार्ड होता है जो यात्रा के लिए बनाया जाता है, उसमें किसी भी तरह की कोई पासवर्ड की जरूरत नहीं होती है. जिसके हाथ में वह कार्ड है वो व्यक्ति एग्जिट और एंट्री आसानी से कर सकता है.
इसमें किसी के नाम की भी जरूरत नहीं होती है. किसी के भी नाम का स्मार्ट कार्ड कोई भी इस्तेमाल कर सकता है, इसीलिए कस्टमर केयर सेंटर में पहुंचकर आपको सबसे पहले अपने उस स्मार्ट कार्ड को ब्लॉक करना होगा. उसके बाद ही 150 रुपए देकर नया कार्ड आपको खरीदना होगा. इस मामले में आपका पुराना बैलेंस नए कार्ड में शिफ्ट नहीं होता है. क्योंकि बैलेंस शिफ्ट करने के लिए पुराने कार्ड के होने की अनिवार्यता है.
