यूपीएससी सीडीएस 2 एग्जाम 2026 कल, BRICS समिट के बीच कैसे होगी देश की सबसे बड़ी डिफेंस परीक्षा?

नई दिल्ली (UPSC CDS 2 Exam 2026). संघ लोक सेवा आयोग की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज परीक्षा 2026 कल यानी 13 सितंबर को है. देशभर के लाखों डिफेंस एस्पिरेंट्स इस परीक्षा के जरिए भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना में अफसर बनने का सपना पूरा करने के लिए मैदान में उतर रहे हैं. दिल्ली में ब्रिक्स समिट 2026 के वीआईपी मूवमेंट के चलते ट्रैफिक पाबंदियां लगी हैं. ऐसे में यहां यूपीएससी सीडीएस 2 परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना हर उम्मीदवार के लिए सबसे बड़ी चुनौती है.

राजधानी में चल रही ब्रिक्स समिट 2026 के बीच एक डिफेंस एस्पिरेंट की गुहार रंग लाई है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अभ्यर्थियों की परेशानी को समझते हुए रविवार, 13 सितंबर को सुबह 6 बजे से ही सभी लाइनों पर मेट्रो सेवा शुरू करने का ऐलान किया है. इससे हजारों उम्मीदवारों का समय बचेगा और वे बिना किसी टेंशन के अपने एग्जाम सेंटर तक समय से पहले पहुंच सकेंगे. जानिए यूपीएससी सीडीएस 2 परीक्षा से जुड़े सभी जरूरी नियम और टाइम टेबल.

यूपीएससी सीडीएस 2 परीक्षा 2026: जरूरी नियम और दिल्ली मेट्रो का अपडेट

कल, 13 सितंबर 2026 (रविवार) को यूपीएससी सीडीएस 2 के अभ्यर्थी देशभर के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा देंगे. हालांकि ब्रिक्स समिट 2026 के चलते दिल्ली में बनाए गए केंद्रों तक पहुंच पाना कल आसान नहीं होगा. इसीलिए दिल्ली मेट्रो ने अभ्यर्थियों को खास सुविधा देने का फैसला लिया है.

दिल्ली मेट्रो की अर्ली सर्विस से मिलेगी मदद

यूपीएससी सीडीएस 2 परीक्षा की मॉर्निंग शिफ्ट में रिपोर्ट करने वाले अभ्यर्थियों के लिए समय पर सेंटर पहुंचना सिरदर्द से कम नहीं है. इस बार स्थिति ज्यादा मुश्किल है क्योंकि दिल्ली में ब्रिक्स समिट के चलते ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए हैं. एक सतर्क एस्पिरेंट की तरफ से उठाए गए मुद्दे के बाद दिल्ली पुलिस और DMRC ने आपसी तालमेल से तय किया कि रविवार, 13 सितंबर को सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सुबह 6 बजे से ही चालू कर दी जाएंगी. अभ्यर्थी अपने रूट की प्लानिंग करके इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

परीक्षा की टाइमिंग और शिफ्ट्स के नियम

यूपीएससी इस परीक्षा को ऑफलाइन पेन-पेपर मोड में देशभर के 84 केंद्रों पर आयोजित कर रहा है. परीक्षा कुल 3 शिफ्ट्स (सुबह, दोपहर और शाम) में होगी. नियमों के मुताबिक, हर सत्र की शुरुआत से ठीक 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाते हैं. इसलिए रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम 1 घंटा 15 मिनट पहले सेंटर पर पहुंच जाएं. इससे फ्रिस्किंग (तलाशी), फेस ऑथेंटिकेशन और अन्य जरूरी फॉर्मेलिटी समय पर पूरी की जा सकेंगी.

यूपीएससी सीडीएस 2 एग्जाम शिफ्ट विषय परीक्षा का समय रिपोर्टिंग टाइम परीक्षा की ड्यूरेशन
पहली शिफ्ट अंग्रेजी सुबह 9 से 11 बजे 8.30 बजे 2 घंटे
दूसरी शिफ्ट सामान्य ज्ञान दोपहर 12.30 से 02.30 बजे 12 बजे 2 घंटे
तीसरी शिफ्ट एलिमेंटरी मैथ शाम 4 से 6 बजे 3.30 बजे 2 घंटे

यूपीएससी सीडीएस 2 परीक्षा गाइडलाइंस

यूपीएससी सीडीएस 2 परीक्षा हॉल में कदम रखने के लिए ई-एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट होना अनिवार्य है. इसके साथ ही एक ओरिजिनल फोटो आईडी प्रूफ (जैसे पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस) भी रखना होगा. उत्तर पुस्तिका (OMR Sheet) भरते समय केवल ब्लैक बॉलपॉइंट पेन का इस्तेमाल करें. किसी अन्य रंग के पेन से भरे गए गोले चेक नहीं किए जाएंगे.

परीक्षा केंद्र में क्या ले जाने की मनाही है?

परीक्षा में नकल रोकने के लिए संघ लोक सेवा आयोग ने सख्त नियम लागू किए हैं. परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कैलकुलेटर, टैबलेट, किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, किताबें, नोट्स, कागज की पर्चियां या कैमरा ले जाना बिल्कुल बैन है. अगर कोई अभ्यर्थी इनमें से किसी भी चीज के साथ पकड़ा जाता है तो उसकी उम्मीदवारी तुरंत रद्द कर दी जाएगी. अपने साथ सिर्फ जरूरी स्टेशनरी और दस्तावेज ही लेकर जाएं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *