Last Updated:
Delhi NCR Elevated Expressway: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने का सफर अब और भी आसान और तेज होने वाला है. नोएडा प्राधिकरण ने एयरपोर्ट को जोड़ने वाले एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में तेजी ला दी है. इस 4 हजार करोड़ रुपये के मेगा प्रोजेक्ट के लिए प्राधिकरण अपने 22 गांवों की जमीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को बिल्कुल मुफ्त में देने जा रहा है. 6 लेन के इस शानदार एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली-एनसीआर में मयूर विहार, अक्षरधाम, नोएडा और हरियाणा व फरीदाबाद के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. सिंचाई विभाग की आपत्ति के बाद इसके रूट में भी बदलाव किया गया है.
नोएडा में बनेगा 6 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे.
नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे परियोजना की गति अब तेज कर दी गई है. इस परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए नोएडा प्राधिकरण अपने क्षेत्र के 22 गांवों की जमीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को मुफ्त देगा. नोएडा प्राधिकरण की ओर से दी जाने वाली इसी जमीन पर एक्सप्रेसवे के लिए विशाल और मजबूत पिलर हवा में खड़े किए जाएंगे. इससे जेवर एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को शहर की ट्रैफिक का सामना करना पड़ेगा.
इस पूरी एलिवेटेड एक्सप्रेसवे परियोजना की अनुमानित लागत 4 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह पूरा एक्सप्रेसवे 6 लेन का होगा और इसे एलिवेटेड बनाया जाएगा. तकरीबन 50 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का लगभग 27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा क्षेत्र में आएगा. इस परियोजना का अलाइनमेंट सेक्टर-44, सेक्टर-99, सेक्टर-101 और सेक्टर-109 के अलावा वाजिदपुर, झट्टा, बदौली बांगर, कोंडली, गढ़ी, मोमनाथन समेत कुल 22 गांवों से होकर गुजरेगा. इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा के तीन गांव भी इस महत्वपूर्ण परियोजना का हिस्सा होंगे.
सिंचाई विभाग की रोक के बाद रूट में हुआ अहम बदलाव
सिंचाई विभाग द्वारा तटबंध (embankment) के लिए अनुमति देने से इनकार करने के बाद इस एक्सप्रेसवे के रूट में बदलाव किया गया है. अब यह नया एक्सप्रेसवे तटबंध से लगभग पांच मीटर दूर, नोएडा की तरफ बनाया जाएगा. इसके बाद आगे चलकर यह यमुना नदी के किनारे प्रस्तावित 120 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ जाएगा. नोएडा अथॉरिटी के CEO कृष्ण करुणेश ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर सड़क कनेक्टिविटी करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि NHAI को जरूरी जमीन मुफ्त में दी जाएगी ताकि प्रोजेक्ट समय पर पूरा हो सके और दिल्ली-NCR के लोगों को जल्द ही बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके.
दिल्ली, फरीदाबाद और हरियाणा के लोगों को सीधा फायदा
इस एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद मयूर विहार, अक्षरधाम, पटपड़गंज, कालिंदी कुंज और सरिता विहार के लोगों के लिए एयरपोर्ट तक का सफर बेहद आसान हो जाएगा. इसके अलावा मंझावली पुल भी फरीदाबाद और हरियाणा के लिए सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. अथॉरिटी के अनुसार, रूट तय होने के बाद अब DPR (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है. इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मिट्टी की भार सहने की क्षमता (bearing capacity) का आकलन करने के लिए मिट्टी की गहन जांच की जाएगी. बता दें कि NHAI ही इस पूरे प्रोजेक्ट के निर्माण और भविष्य में इसके रखरखाव का काम संभालेगा.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
