किसने डिजाइन की महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो और XUV700? मिलिए पुरुषों की फेवरेट SUVs की 'डिजाइन क्वीन' से

Last Updated:

महिंद्रा स्‍कॉर्पियो, थार और एक्‍सयूवी700 जैसी गाडियों को लोग तुरंत पहचान लेते हैं. लेकिन इन शानदार एसयूवी को किसने डिजाइन किया है, इसकी जानकारी बहुत कम ही लोगों को है. आपको जानकार हैरानी होगी की पुरुषों को खूब रास आ रही इन रौबदार गाडियों को इनका ये शानदार लुक देने में एक महिला का हाथ है.

रामकृपा अनंतन ने BITS पिलानी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की.

नई दिल्‍ली. सड़क पर जब चौड़े टायर और मस्कुलर बॉडी वाली स्कॉर्पियो, थार या एक्‍सयूवी700 निकलती है तो ये सबसे अलग ही नजर आती है. सालों से पुरुषों की ये फेवरेट गाडियां बनी हुई हैं. क्‍या आपको पता है कि इन लोकप्रिय स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल्स (SUVs) को किसने डिजाइन किया है? नहीं पता तो चलिए हम बता देते हैं. थार, स्कॉर्पियो और XUV700 को दबंग लुक किसी पुरुष ने नहीं बल्कि एक महिला ने दिया है. उनका नाम है रामकृपा अनंतन. साबित कर दिया है कि महिलाओं के लिए कुछ भी कर पाना असंभव नहीं है.

ओला इलेक्ट्रिक की वेबसाइट पर लिखे एक लेख में रामकृपा ने बताया था कि उनके पिता का नौकरी के दौरान अक्‍सर ट्रांसफर होता था. जिसके कारण उन्हें अलग-अलग गांवों और कस्बों में रहना पड़ा. धान के खेतों, नदियों, पहाड़ों और जंगलों के बीच बड़े होने से उन्हें नेचर को करीब से देखने का मौका मिल. इन अनुभवों की झलक उनके व्हिकल डिजाइन में भी नजर आती है.

BITS पिलानी से की मैकेनिकल इंजीनियरिंग

रामकृपा अनंतन ने BITS पिलानी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्‍होंने आईआईटी बॉम्बे के मशहूर इंडस्ट्रियल डिजाइन सेंटर (IDC) से पोस्ट ग्रेजुएशन पूरी की. साल 1997 में वह महिंद्रा एंड महिंद्रा से जुड़ीं. शुरुआत में उनका काम बोलेरो, स्कॉर्पियो और जायलो जैसी गाड़ियों के इंटीरियर डिजाइन करने का था. अपनी क्रिएटिविटी और इंजीनियरिंग की गहरी समझ के दम पर वह लगातार आगे बढ़ती गईं और 2005 तक वह कंपनी के डिजाइन डिपार्टमेंट की हेड बन गई.

XUV500 से मिली पहचान

रामकृपा के करियर का सबसे क्रांतिकारी मोड़ साल 2011 में आया, जब महिंद्रा ने अपनी पहली मोनोकॉक एसयूवी XUV500 को बाजार में उतारा. डिजाइन टेबल पर जब इस गाड़ी का खाका तैयार हो रहा था, तब उन्‍होंने ब्रूस ली की फुर्ती, लड़ाकू हेलीकॉप्टर, स्पाइडर-मैन और फिल्म ‘ग्लैडिएटर’ के रसेल क्रो के किरदारों से प्रेरणा ली. आखिरकार, रामकृपा और उनकी टीम ने शिकार पर झपटने को तैयार ‘चीते’ की शारीरिक बनावट को चुना. गाड़ी के मस्कुलर शोल्डर्स, व्हील आर्च और आक्रामक फ्रंट ग्रिल में उसी शिकारी चीते की ताकत और रफ्तार ढाली गई. इस गाड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया.

बदल दिया मिजाज

XUV500 की जबरदस्त कामयाबी के बाद रामकृपा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने 2020 में लॉन्च हुई दूसरी पीढ़ी की ऑल-न्यू महिंद्रा थार को ऐसा अर्बन और प्रीमियम लुक दिया कि वह सिर्फ ऑफ-रोडिंग की गाड़ी न रहकर हर नौजवान की पहली पसंद बन गई. इसके बाद 2021 में आई XUV700, KUV100, TUV300, मराजो और हालिया थार रॉक्स के डिजाइन डीएनए में भी उनकी छाप रही. भारतीय ऑटोमोबाइल जगत में उनके इस अद्वितीय योगदान के लिए BITS पिलानी ने 2021 में उन्हें ‘डिस्टिंग्विश्ड एलुम्नस अवॉर्ड’ से नवाजा.

अब इलेक्ट्रिक दुनिया में रखा है कदम

महिंद्रा में दो दशकों से ज्यादा वक्त बिताने के बाद रामकृपा ने कुछ नया करने की ठानी. उन्होंने अपनी डिजाइन कंसल्टेंसी फर्म ‘KRUX Studio’ शुरू की. भीड़भाड़ वाले शहरों को ध्‍यान में रखते हुए ‘Two2’ नाम से टू-सीटर कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार का कॉन्सेप्ट तैयार किया. इसके बाद 2022 में वह ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) से हेड ऑफ डिजाइन के तौर पर जुड़ गईं. अब वह बड़ी डीजल-पेट्रोल SUVs की दुनिया से निकलकर भविष्य के इलेक्ट्रिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नया रूप देने में जुटी हैं.

About the Author

रुली बिश्‍नोई

रुली बिश्‍नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *