Last Updated:
Delhi Top 5 Biryani Kebab Shops: अगर आप बिरयानी की खुशबू, मसालेदार ग्रेवी और तंदूर से निकलते गरमा-गरम कबाब के शौकीन हैं, तो दिल्ली आपके लिए किसी फूड पैराडाइज से कम नहीं है. राजधानी में कई ऐसी जगहें हैं, जहां खाने का स्वाद लोगों को दूर-दूर से खींच लाता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि यहां आपको महंगे रेस्टोरेंट के साथ-साथ पुरानी दिल्ली की गलियों में मिलने वाला असली देसी स्वाद भी चखने को मिल जाएगा. यहां स्वाद के लेने वालों की भीड़ लगी रहती है.
पुरानी दिल्ली का जामा मस्जिद इलाका नॉनवेज खाने के शौकीनों के बीच खास पहचान रखता है. यहां कबाब, बिरयानी, निहारी और मुगलई व्यंजनों की कई दुकानें मिल जाएंगी. अल जवाहर रेस्टोरेंट, करीम होटल और बाबू भाई कबाब वाले जैसे ठिकानों के आसपास खाने की खुशबू ही आपको रुकने पर मजबूर कर देती है. यहां का माहौल भी पुराने दिल्ली के खान-पान की खास झलक दिखाता है.
अगर आपका फोकस खास तौर पर कबाब और बिरयानी पर है, तो चितली कबर की गलियां भी किसी फूड हंट से कम नहीं हैं. यहां छोटे-छोटे फूड पॉइंट्स पर किफायती दाम में कबाब और बिरयानी का स्वाद लिया जा सकता है. यहां तौफीक दिलपसंद बिरयानी पॉइंट और आसपास के कई स्थानीय ठिकाने खाने के शौकीनों के बीच फेमस हैं.
बता दें कि निजामुद्दीन इलाका भी अपने मुगलई स्वाद के लिए जाना जाता है. यहां अगर आप कबाब खाना पसंद करते हैं, तो ग़ालिब कबाब कॉर्नर जैसे ठिकाने आपके फूड ट्रेल का हिस्सा बन सकते हैं. यहां मिलने वाले कबाब, चटनी और गर्मागर्म रोटियों का कॉम्बिनेशन खाने का मजा बढ़ा देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप पुरानी दिल्ली से अलग किसी सेंट्रल लोकेशन पर बिरयानी खाना चाहते हैं, तो कनॉट प्लेस का ऑप्शन भी देख सकते हैं. यहां बिरयानी बाय किलो कनॉट प्लेस जैसे रेस्टोरेंट में अलग-अलग स्टाइल की बिरयानी का स्वाद लिया जा सकता है. दोस्तों या परिवार के साथ बैठकर बिरयानी का पूरा मील एंजॉय करने वालों के लिए यह विकल्प अच्छा हो सकता है.
साउथ दिल्ली में मुगलई खाने के शौकीनों के लिए अल काकोरी अल कौसर जैसे ठिकाने भी चर्चा में रहते हैं. यहां कबाब के साथ बिरयानी और बाकी मुगलई खाने का स्वाद लिया जा सकता है. अगर आप थोड़ा आराम से बैठकर खाना चाहते हैं और स्ट्रीट फूड के बजाय रेस्टोरेंट एक्सपीरियंस पसंद करते हैं, तो यह इलाका आपके काम आ सकता है.
