बिना मैदा बनाएं स्वादिष्ट टैकोस, बच्चों की सेहत भी रहेगी स्वस्थ, गृहणी ने बताई आसान रेसिपी

Last Updated:

बच्चों के रोज-रोज के नाश्ते में कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं तो कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति की गेहूं के आटे वाली टैकोस रेसिपी जरूर ट्राई करें. इसमें मैदे की जरूरत नहीं पड़ती. गेहूं के आटे की रोटी में आलू, शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर और स्वीट कॉर्न की स्वादिष्ट स्टफिंग भरी जाती है. बस इसे कुरकुरा और चीजी बनाने के लिए….

कोडरमा: बच्चों के लिए रोज-रोज एक जैसा नाश्ता बनाना हर मां के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है. बच्चे स्वाद के साथ-साथ खाने में कुछ नया और आकर्षक भी चाहते हैं. ऐसे में अगर आप घर पर ही कुछ स्वादिष्ट और आसान बनाना चाहती हैं तो गेहूं के आटे से तैयार टैकोस एक अच्छा विकल्प है. खास बात यह है कि इसे बनाने में मैदे की जरूरत नहीं पड़ती. कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने घर पर टैकोस बनाने की आसान विधि साझा की है. उन्होंने बताया कि इसके लिए सबसे पहले दो कटोरा गेहूं का आटा लेकर उसे पानी की मदद से अच्छी तरह गूथ लें. आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 10 से 15 मिनट तक रेस्ट करने के लिए छोड़ दें.

ऐसे तैयार करें टैकोस की स्टफिंग
उन्होंने बताया कि इसके बाद टैकोस की स्टफिंग तैयार करने के लिए सबसे पहले चार से पांच आलू उबाल लें. इसके बाद शिमला मिर्च, प्याज, हरी मिर्च और टमाटर को बारीक काट लें. चाहें तो इसमें स्वीट कॉर्न भी शामिल कर सकते हैं. इसके बाद एक कढ़ाई गर्म करें और उसमें थोड़ा तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, टमाटर और स्वीट कॉर्न डालकर करीब तीन से चार मिनट तक पकाएं. सब्जियों को तब तक पकाएं, जब तक वे हल्की सी ब्राउन न हो जाएं. इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर और गोलकी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें उबले हुए आलू डालें और सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें. इसे करीब एक से दो मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें और आलू के मिश्रण को दूसरे बर्तन में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें.

गेहूं की रोटी से बनाएं टैकोस का बेस
उन्होंने बताया कि जब स्टफिंग ठंडी हो जाए तब पहले से गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें बेलकर रोटी का आकार दें. इसके बाद किसी गोल कटोरी की सहायता से रोटी को गोल आकार में काट लें. अब कढ़ाई गर्म करके इन गोल रोटियों को एक-एक करके दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. रोटी पकने के बाद उसके ऊपर तैयार आलू और सब्जियों का मिश्रण रखें. बच्चों को पसंद आने वाला स्वाद और आकर्षक रूप देने के लिए इसके ऊपर चीज भी डालें. इसके बाद रोटी को मोड़कर टैकोस का आकार दें और धीमी आंच पर कुछ देर पकाएं, ताकि चीज अच्छी तरह मेल्ट हो जाए और टैकोस हल्का कुरकुरा हो जाए. इस तरह घर पर आसानी से गेहूं के आटे से स्वादिष्ट टैकोस तैयार किया जाता है.

About the Author

Rajneesh Singh

जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *