DU College News: छात्रा को अश्लील मैसेज और फेल करने की धमकी? महिला आयोग सख्त, प्रोफेसर छुट्टी पर

Last Updated:

Daulat Ram College Case: दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में छात्रा की शिकायत से शुरू हुआ मामला अब दिल्ली महिला आयोग तक पहुंच गया है. प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, अश्लील संदेश भेजने, छेड़छाड़ और परीक्षा में फेल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने संबंधित असिस्टेंट प्रोफेसर को छुट्टी पर भेजकर कारण बताओ नोटिस जारी किया और जांच आंतरिक शिकायत समिति को सौंप दी. अब दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने भी कॉलेज प्रिंसिपल को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई और रिपोर्ट मांगी है.

Delhi University, delhi news, Daulat Ram College: दिल्‍ली यूनिवर्सिटी के दौलत राम कॉलेज का मामला .

DU College News: दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में एक छात्रा की ओर से प्रोफेसर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों ने अब गंभीर रूप ले लिया है. छात्रा की शिकायत पर कॉलेज प्रशासन ने संबंधित असिस्टेंट प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है. मामले की जांच कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) कर रही है. अब दिल्ली महिला आयोग ने भी इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है.

आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने कॉलेज प्रिंसिपल को पत्र लिखकर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट आयोग को सौंपने को कहा है.छात्रा ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर पिछले करीब तीन महीने से उसे परेशान कर रहे थे. शिकायत के मुताबिक उन्हें कई अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए, जबरदस्ती करने और छेड़छाड़ की कोशिश की गई. छात्रा ने परीक्षा में फेल करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है हालांकि संबंधित प्रोफेसर ने इन आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है.

29 अक्टूबर को दर्ज कराई गई शिकायत

मामले में शिकायतकर्ता छात्रा की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक घटना 27 अक्टूबर को कॉलेज परिसर में हुई थी. इसके दो दिन बाद यानी 29 अक्टूबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई गई. छात्रा ने कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति के सामने भी अपनी शिकायत रखी थी.शिकायत में प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, अनुचित व्यवहार, जबरदस्ती और छेड़छाड़ के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. छात्रा की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रोफेसर पिछले तीन महीने से उसे आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहे थे. इसके अलावा परीक्षा में फेल करने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है.

दिल्ली महिला आयोग ने खुद लिया संज्ञान

दौलत राम कॉलेज का मामला सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग ने भी इस पर स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने कॉलेज के प्रिंसिपल को पत्र लिखकर छात्रा की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है. आयोग ने कॉलेज प्रशासन से मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है.महिला आयोग ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कॉलेज में जरूरी व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए हैं. आयोग की ओर से यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति पहले से ही मामले की जांच कर रही है. अब कॉलेज प्रशासन को आयोग के सामने भी अपनी कार्रवाई का ब्योरा देना होगा.

कॉलेज ने असिस्टेंट प्रोफेसर को छुट्टी पर भेजा

छात्रा की लिखित शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने संबंधित 55 वर्षीय असिस्टेंट प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया है. उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है. कॉलेज ने मामले की जांच आंतरिक शिकायत समिति को सौंप दी है.दौलत राम कॉलेज की ओर से मीडिया को बताया गया है कि प्रोफेसर के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि मामला आंतरिक समिति के पास है, इसलिए इस पर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती. उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित प्रोफेसर कॉलेज नहीं आ रहे हैं.विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि शिकायत मिलने के बाद मामले को कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति के पास भेज दिया गया है. समिति जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

छात्रसंघ ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

इस मामले में दौलत राम कॉलेज छात्रसंघ भी छात्रा के समर्थन में सामने आया है. छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा है कि वे पीड़िता के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने आंतरिक शिकायत समिति से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तय समयसीमा के भीतर जांच पूरी करने की मांग की है.छात्रसंघ का कहना है कि अगर जांच में प्रोफेसर के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ बर्खास्तगी समेत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. छात्रसंघ अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि अगर छात्रा को न्याय मिलने में देरी होती है, तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इसके साथ ही यह मामला विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और संबंधित अधिकारियों के सामने भी उठाया जाएगा.छात्रसंघ ने यह भी कहा है कि कॉलेज परिसर में छात्राओं की सुरक्षा और गरिमा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता.

About the Author

Dhiraj Raiअसिस्टेंट एडिटर

वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी (Network18 Digital)में असिस्टेंट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. पिछले 16 वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इस दौरान प्रिंट, डिजिटल और टेलीविजन मीडिया में काम कर…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *