जश्न, सियासत और सनसनीखेज हंगामे, सितंबर में चर्चा में रहे देश के ये 5 बड़े संस्थान

नई दिल्ली (Major Educational Events September 2026). सितंबर का महीना शिक्षा जगत के लिहाज से बेहद उतार-चढ़ाव, जश्न और बड़ी घटनाओं से भरा रहा. इस दौरान देश के कई प्रतिष्ठित संस्थान अलग-अलग वजहों से लगातार राष्ट्रीय सुर्खियों में बने रहे. कहीं सदियों पुराने संस्थानों ने अपनी ऐतिहासिक सफलताओं और शताब्दी समारोह का जश्न मनाया तो कहीं छात्रसंघ चुनाव के हाई-वोल्टेज ड्रामे ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी. देश के कुछ बड़े कैंपस में महिला सुरक्षा के गंभीर मुद्दों को लेकर उग्र प्रदर्शन हुए तो कहीं सोशल मीडिया की अफवाहों के चलते भयानक तनाव का माहौल भी देखने को मिला.

सितंबर के इन तमाम घटनाक्रमों ने साबित कर दिया कि ये शिक्षण संस्थान केवल पढ़ाई-लिखाई के अड्डे नहीं हैं. यहां होने वाली हर हलचल पूरे समाज की दिशा को प्रभावित करती है. इस महीने की शुरुआत दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शानदार शताब्दी समारोह से हुई. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां शिरकत की. इसके बाद डीयू छात्रसंघ चुनाव यानी डूसू ने नॉर्थ कैंपस का पारा हाई कर दिया तो वहीं दक्षिण दिल्ली में लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) की छात्राओं ने सुरक्षा के मुद्दों पर आंदोलन किया.

सितंबर 2026 में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे ये संस्थान 

सितंबर के आखिरी हफ्ते में पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), चितकारा यूनिवर्सिटी और आईआईटी बॉम्बे से जुड़ी कुछ ऐसी घटनाएं और प्रशासनिक फैसले सामने आए, जिन्होंने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया. जानिए सितंबर की इन सभी बड़ी शैक्षणिक खबरों की पूरी कहानी.

1. एसआरसीसी (SRCC) का शताब्दी समारोह और पीएम मोदी का दौरा

सितंबर की शुरुआत देश के सबसे प्रतिष्ठित कॉमर्स कॉलेजों में शुमार दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 साल पूरे होने के जश्न के साथ हुई. 5 सितंबर के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस शताब्दी समारोह में शिरकत की. खास बात यह रही कि पीएम मोदी ने आम नागरिकों की तरह दिल्ली मेट्रो में सफर करते हुए कॉलेज का रुख किया और रास्ते में युवाओं से बातचीत भी की. इस ऐतिहासिक मौके पर उन्होंने 100 रुपये का खास स्मारक सिक्का (Commemorative Coin) भी जारी किया.

2. डीयू छात्रसंघ (DUSU) चुनाव और LSR छात्राओं का सुरक्षा आंदोलन

सितंबर के मध्य में दिल्ली यूनिवर्सिटी के डूसू चुनाव ने राजधानी का सियासी पारा गरमाया. ABVP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय पदों पर कब्जा जमाया. इसके बाद डीयू के लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) में जबरदस्त गहमागहमी रही. दक्षिण दिल्ली में हुई गंभीर घटना के बाद एलएसआर की छात्राओं ने कैंपस के आस-पास खराब स्ट्रीट लाइट्स, पुलिस पेट्रोलिंग की कमी और महिला सुरक्षा के पुख्ता मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन और मार्च निकाला. सुरक्षा को देखते हुए वहां ऑनलाइन क्लास का आदेश देना पड़ा.

3. पंजाब के कैंपस में उबाल: LPU और चितकारा यूनिवर्सिटी विवाद

सितंबर का आखिरी हफ्ता पंजाब के 2 बड़े निजी संस्थानों- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) और चितकारा यूनिवर्सिटी के लिए काफी तनावपूर्ण रहा. सोशल मीडिया पर कुछ अनवेरिफाइड और डरावनी अफवाहों के वायरल होने के बाद कैंपस में अचानक उग्र प्रदर्शन भड़क गए. छात्रों की भीड़ हॉस्टलों से बाहर आ गई और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल को तैनात करना पड़ा. प्रशासन ने साफ किया कि वायरल दावे फर्जी थे. लेकिन एहतियात के तौर पर संस्थानों में छुट्टियां घोषित करनी पड़ीं.

4. आईआईटी बॉम्बे: सुसाइड मामले और इस्तीफे की मांग के बीच परीक्षाएं स्थगित

देश के प्रमुख तकनीकी संस्थान IIT बॉम्बे में सितंबर का महीना बेहद तनाव और गंभीर संकट के साए में बीता. साहिल वाकोडे के दुर्भाग्यपूर्ण सुसाइड मामले ने पूरे कैंपस को हिलाकर रख दिया, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. मामले की गहन जांच की मांग करते हुए संस्थान के डायरेक्टर और संबंधित प्रोफेसर से इस्तीफे की मांग की गई. कैंपस में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने अपनी मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दीं, जिससे कैंपस में शांति और व्यवस्था बहाल की जा सके.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *