Last Updated:
Ghaziabad Railway News: दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पिछले 10 दिनों से चल रहा ट्रैक की मरम्मत का काम रविवार को पूरा हो गया है. इसके साथ ही रेलवे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक भी खत्म हो गया है. ब्लॉक के कारण गाजियाबाद, नई दिल्ली, पलवल और मेरठ के बीच रद्द चल रही 18 लोकल ईएमयू ट्रेनें सोमवार से वापस पटरी पर लौट आएंगी. ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर 10 दिन से बंद 18 लोकल ट्रेन सोमवार से पटरी पर दौड़ेंगे.
गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले प्रमुख गाजियाबाद रेलवे जंक्शन से रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों का 10 दिन लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है. स्टेशन पर चल रहे मरम्मत कार्य की वजह से लोकल ट्रेनों के प्रभावित संचालन से परेशान यात्रियों को सोमवार (7 अक्टूबर) से बड़ी राहत मिलेगी. गाजियाबाद जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर चल रहा ट्रैक का काम रविवार को पूरी तरह से संपन्न हो गया है. इसके साथ ही 25 सितंबर से लागू पावर और ट्रैफिक ब्लॉक भी खत्म हो गया है. ब्लॉक खत्म होने के बाद अब रद्द चल रही 18 लोकल ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर ट्रैक की स्थिति काफी खराब हो गई थी. इसे सुधारने के लिए ही 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक का 10 दिवसीय पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था. इस ब्लॉक के दौरान पुराने और जंग खा चुके रेल के हिस्सों को हटाकर उनकी जगह नई रेल लाइन बिछाई गई. साथ ही, ट्रैक के नीचे लगे खराब स्लीपरों को बदलकर नए स्लीपर लगाए गए और जरूरी मरम्मत तथा रखरखाव का काम पूरा किया गया.
यात्रियों को उठानी पड़ी भारी परेशानी
इस 10 दिन के ब्लॉक का सीधा और सबसे ज्यादा असर गाजियाबाद से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के बीच रोजाना अप-डाउन करने वाले नौकरीपेशा और छात्र यात्रियों पर पड़ा. ब्लॉक के कारण नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली जंक्शन, साहिबाबाद और पलवल की ओर जाने वाली कई महत्वपूर्ण ईएमयू (EMU) ट्रेनें रद्द कर दी गई थीं. इसके अलावा मेरठ सिटी और मुरादाबाद से गाजियाबाद आने-जाने वाली लोकल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित रहीं. यही नहीं, स्टेशन पर परिचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे को करीब 28 ट्रेनों के निर्धारित प्लेटफॉर्म भी बदलने पड़े थे, जिससे यात्रियों को काफी कन्फ्यूजन का सामना करना पड़ा.
सोमवार से सुधरेगी स्थिति, स्टेशन जाने से पहले करें ये काम
मरम्मत कार्य पूरा होने और ब्लॉक खत्म होने के बाद सोमवार से रद्द चल रही 18 लोकल ट्रेनें दोबारा पटरियों पर दौड़ने लगेंगी. हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक का काम नया है, इसलिए सुरक्षा और परिचालन की स्थिति को देखते हुए शुरुआत में किसी ट्रेन के समय या प्लेटफॉर्म में हल्का-फुल्का बदलाव किया जा सकता है. इसलिए, रेलवे ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर (139) या सूचना प्रणाली (NTES) ऐप के जरिए अपनी ट्रेन का सही समय और प्लेटफॉर्म जरूर चेक कर लें.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
