Last Updated:
दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में बिल्डिंग गिरने के हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है. इनमें 4 महीने की एक प्रेग्नेंट महिला और 2 बच्चे शामिल हैं. अब तक मलबे से 11 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. इनमें से 8 घायलों को ताहिरपुर के राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. मौके पर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
सीमापुरी मछली मंडी के पास बड़ा हादसा.
नई दिल्ली: न्यू सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत ढहने के हादसे ने दर्दनाक मोड़ ले लिया है. बुधवार (07 अक्टूबर 2026) को ई-ब्लॉक में गिरी 25 साल पुरानी बिल्डिंग के मलबे से अब तक 11 लोगों को बाहर निकाला गया है. इस भयानक हादसे में 3 लोगों की जान चली गई है. मरने वालों में 21 साल की गुलफसा शामिल है. वह 4 महीने की प्रेग्नेंट थी. इसके अलावा 12 साल की एक बच्ची और एक अन्य बच्चे ने भी मलबे में दबकर दम तोड़ दिया है. इन दोनों बच्चों की अभी पहचान नहीं हो पाई है. प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं. रेस्क्यू किए गए 8 घायलों को तुरंत ताहिरपुर के राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. इलाके में चीख पुकार मची है.
हादसे में घायल हुए 8 लोग कौन हैं और उनकी हालत कैसी है?
मलबे से निकाले गए 8 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. अस्पताल में भर्ती घायलों में 56 साल के मोमिन मिर्जा और 3 साल का मासूम अब्दान शामिल है. इनके अलावा 28 साल के अब्दुल रहमान और देवरुद्दीन का भी इलाज चल रहा है. 50 साल की सलमा और 35 साल की सकीना को भी मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया था. 34 साल के छोटे और 30 साल के समद भी घायलों की लिस्ट में हैं. डॉक्टरों की टीम लगातार इनकी निगरानी कर रही है. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
मलबा हटने में कितना समय लगेगा?
ईदगाह मछली मंडी के पास झुग्गी बस्ती में हुए इस हादसे के बाद अफरातफरी का माहौल है. दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस के साथ एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन अभी जारी है. संकरी गलियां होने के कारण भारी मशीनों को अंदर ले जाने में काफी दिक्कत आई. इसके बावजूद बचाव दल बिना रुके मलबा हटाने का काम कर रहा है. मलबे के नीचे और भी लोगों के दबे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. अधिकारियों का कहना है कि जब तक साइट पूरी तरह से क्लियर नहीं हो जाती तब तक रेस्क्यू चालू रहेगा.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें
