Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रोटेस्ट है. सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में आज आवाजाही आसान नहीं रहने वाली है. दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन पहले से ही बंद हैं. दूसरी तरफ कुछ सड़कों को भी सुरक्षा के मद्देनजर बंद कर दिया गया है. ऐसे में अगर आप दिल्ली-एनसीआर में कहीं भी घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं तो आपको पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जान लेनी चाहिए. जी हां, दिल्ली यातायात पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देजनर आज यानी शनिवार को 30 सड़कों और फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहने की चेतावनी दी है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर शनिवार को राजधानी में 30 स्थानों और उनके आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. पुलिस एडवाइजरी के अनुसार, स्थिति के आधार पर 10 अक्टूबर को सुबह छह बजे से यातायात मार्ग परिवर्तन लागू किए जाएंगे और प्रभावित होने वाले स्थानों में शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-प्वाइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ), मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल-चेम्सफोर्ड रोड टी-प्वाइंट शामिल हैं.
कहां-कहां डायवर्जन?
इसके अलावा, भैरों रोड-एमजीएम (रिंग रोड) टी-प्वाइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल गोलचक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस के नीचे, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-प्वाइंट, अशोक रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर और विंडसर प्लेस गोलचक्कर पर भी यातायात प्रभावित रहने की आशंका है.
परामर्श में टॉल्सटॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग, रेल भवन गोलचक्कर, जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल-बाराखंभा रोड टी-प्वाइंट, गोल डाकखाना गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, राम मनोहर लोहिया अस्पताल गोलचक्कर और कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल-संसद मार्ग टी-प्वाइंट भी प्रभावित स्थानों में शामिल है.
क्या है ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
दिल्ली यातायात पुलिस ने नयी दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डों (आईएसबीटी) या हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने का भी अनुरोध किया है.
एडवाइजरी के अनुसार, यातायात प्रबंधन के उपाय मौके की स्थिति के आकलन के आधार पर लागू किए जाएंगे या उनमें ढील दी जाएगी. यात्रियों को यातायात संबंधी ताजा जानकारी, वैकल्पिक मार्गों और अन्य सूचनाओं के लिए दिल्ली यातायात पुलिस के आधिकारिक मंचों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से शुक्रवार को इनकार कर दिया है. बावजूद इसके राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. इनमें 25 हजार सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने के साथ-साथ 57 मेट्रो स्टेशन बंद करना, सीमावर्ती स्थलों, बस टर्मिनल, होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच करना शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर अनधिकृत धरना देने से रोकना और शहर भर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. पुलिस ने अनुमति देने से इनकार करने का कारण संगठन द्वारा पहले किए गए प्रदर्शन के दौरान कानूनी निर्देशों और अपने आश्वासनों का पालन नहीं करना बताया है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी: इन प्रमुख जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है:
- शंकर रोड राउंडअबाउट से वंदे मातरम टी-पॉइंट की ओर
- धौला कुआं फ्लाईओवर
- झंडेवालान और पंचकुइयां राउंडअबाउट
- मंडी हाउस और डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक
- मिंटो रोड और दीनदयाल उपाध्याय मार्ग
- गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड
- बहादुर शाह जफर मार्ग के आसपास का क्षेत्र और लोधी रोड फ्लाईओवर
- नीला गुंबद और मदरसा टी-पॉइंट
- सम्राट होटल राउंडअबाउट और सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग
- भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे
- रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट
- अशोक रोड-जंतर मंतर रोड और विंडसर प्लेस
- टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग
- रेल भवन, संसद मार्ग और जय सिंह रोड के आसपास
- कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, बाराखंभा रोड और संसद मार्ग टी-पॉइंट
- गोल डाकखाना, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास
इंटरनेट भी सस्पेंड
केंद्रीय गृह सचिव ने दिल्ली पुलिस की इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने की मांग पर विचार करने के बाद इसकी अनुमति दे दी है. आदेश के अनुसार, जनपथ–कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं (सभी तकनीकों पर) अस्थायी रूप से बंद रहेंगी.
शुरुआत: 9 अक्टूबर 2026 को रात 10 बजे.
समाप्ति: 10 अक्टूबर 2026 को रात 10 बजे.
प्रभावित क्षेत्र: जनपथ–कर्तव्य पथ क्रॉसिंग से 4 किलोमीटर के दायरे में.
सेवा प्रदाता: एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल.
