Last Updated:
Khasta Khajuri Recipe: मुजफ्फरपुर में छठ पूजा के मौके पर पारंपरिक पकवान खजूरी बनाई जा रही है. इसकी रेसिपी के बारे में सुमन देवी ने कुछ ट्रिक साझा किया है. इससे आप आसानी से खस्ता खजूरी बना सकती हैं. इसे 10-12 दिन तक रखकर खाया जा सकता है.
मुजफ्फरपुर: छठ पूजा में पारंपरिक पकवानों का अपना खास महत्व है. बिहार में छठ के मौके पर कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं, जिनमें खजूरी भी लोगों की पसंदीदा मिठाइयों में से एक है. स्वाद में खस्ता और बनाने में आसान खजूरी को सुबह के नाश्ते में भी खाया जा सकता है. इसकी एक खासियत यह भी है कि सही तरीके से तैयार करके और सुरक्षित रखकर इसे कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. मुजफ्फरपुर की सुमन देवी ने खजूरी बनाने की पारंपरिक विधि बताई है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
खजूरी बनाने की ये हैं सामग्रियां
खजूरी बनाने के लिए मैदा, चीनी, थोड़ा बेकिंग सोडा, खावा सूटा (स्थानीय तौर पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री) और जरूरत के अनुसार पानी लेना होगा. इसके अलावा खजूरी को आकार देने के लिए सांचा और तलने के लिए तेल की जरूरत होगी.
इस तरह तैयार करें खस्ता खजूरी
सबसे पहले मैदा को अच्छी तरह छानकर एक बर्तन में रख लें. अब उसमें थोड़ा बेकिंग सोडा और खावा सूटा डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद मिश्रण को हाथों से अच्छी तरह मलें, ताकि सभी सामग्री आपस में मिल जाए. फिर इसमें चीनी डालकर दोबारा अच्छी तरह मलें.
अब जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मिश्रण को तैयार करें. ध्यान रखें कि पानी एक साथ अधिक न डालें. मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि उसे मुट्ठी में दबाने पर वह आपस में जुड़कर आकार लेने लगे. इसके बाद तैयार मिश्रण को खजूरी के सांचे पर रखकर मनचाहा आकार दें. अंत में कड़ाही में तेल गर्म करें और खजूरी को सावधानी से डालकर सुनहरा और खस्ता होने तक तलें. तलने के बाद इसे निकालकर ठंडा होने दें. इस तरह घर पर स्वादिष्ट खजूरी तैयार हो जाएगी.
नाश्ते से लेकर सफर तक में है उपयोगी
सुमन के अनुसार, खजूरी सुबह के नाश्ते के लिए अच्छा विकल्प है. इसे घर में बनाकर रखा जा सकता है और यात्रा के दौरान भी साथ ले जाया जा सकता है. उनका कहना है कि सही तरीके से रखने पर खजूरी 8-10 दिन और कभी-कभी 15 दिन तक चल सकती है.
छठ पूजा की तैयारियों के बीच खजूरी जैसी पारंपरिक मिठाइयां घरों में स्वाद के साथ लोकपरंपरा की मिठास भी घोलती हैं. इसकी आसान विधि और सुविधाजनक भंडारण के कारण यह त्योहार के साथ-साथ रोजमर्रा के नाश्ते के लिए भी पसंद की जाती है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें
