नोएडा-ग्रेनो वालों! क्या अब भी नहीं हुआ वोटर लिस्ट में नाम शामिल? कोई बात नहीं, बस 24 अक्टूबर को कर लें ये काम 

नोएडा: अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. अभी 24 अक्टूबर की तारीख बाकी है. इस दिन आप अपना नाम शामिल करवा सकते हैं. दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र नागरिकों को मतदाता बनने का अवसर उपलब्ध कराने के मकसद से विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है. इसी के लिए 17 अक्टूबर को भी जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्धारित मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित कर विशेष अभियान आयोजित किया गया था.

इस अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने पात्र नागरिकों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 प्राप्त किए तथा उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया. जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और उन पात्र महिलाओं को सूची में शामिल होने का अवसर देना है, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हैं. इसके लिए जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं.

नोएडा विधानसभा में सबसे अधिक फॉर्म-6 मिले

अभियान के दौरान विधानसभा क्षेत्र-61 नोएडा के 811 मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गईं. यहां मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 के 957 आवेदन प्राप्त हुए. इसके अतिरिक्त नाम हटाने से संबंधित फॉर्म-7 के 15 और मतदाता सूची में संशोधन अथवा अन्य निर्धारित बदलावों के लिए फॉर्म-8 के 39 आवेदन प्राप्त किए गए. विधानसभा क्षेत्र-62 दादरी के 794 मतदेय स्थलों पर आयोजित अभियान के दौरान फॉर्म-6 के 1,118, फॉर्म-7 के 17 और फॉर्म-8 के 241 आवेदन प्राप्त हुए. वहीं, विधानसभा क्षेत्र-63 जेवर के 419 मतदेय स्थलों पर फॉर्म-6 के 272, फॉर्म-7 के 27 और फॉर्म-8 के 89 आवेदन प्राप्त किए गए.

इस प्रकार जनपद के कुल 2,024 मतदेय स्थलों पर आयोजित विशेष अभियान के दौरान फॉर्म-6 के 2,347, फॉर्म-7 के 59 और फॉर्म-8 के 369 आवेदन प्राप्त हुए. तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 2,775 फॉर्म प्राप्त किए गए. इन आवेदनों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन करने का अवसर मिला.

जागरूक करने पर जोर

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ऐसे युवाओं को जागरूक किया जाए, जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं. इसके साथ ही उन सभी पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया है, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं.

अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नागरिकों को आवेदन भरने, आवश्यक दस्तावेजों और पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि वे निर्धारित नियमों के अनुसार अपना आवेदन जमा कर सकें. अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए.

24 अक्टूबर को फिर आयोजित होगा विशेष मेगा कैंप

17 अक्टूबर को आयोजित अभियान में शामिल नहीं हो पाए पात्र नागरिकों को एक और अवसर दिया जाएगा. इसके लिए आगामी 24 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर विशेष मेगा मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किया जाएगा. प्रशासन के अनुसार, मेगा कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे. इस दौरान नागरिकों को फॉर्म-6 भरने, आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी प्राप्त करने और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझने में सहायता दी जाएगी.

ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे 24 अक्टूबर को अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं. पहली बार मतदाता बनने वाले युवा और अन्य पात्र नागरिक भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं. जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जांच करें और यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित फॉर्म जमा करें. विशेष मेगा कैंप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाने और पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *