नई दिल्लीः अगर आप रात के वक्त दिल्ली के फ्लाईओवर पर सफर कर रहे है और साथ में परिवार की महिलाएं भी है तो सावधान हो जाइए. राजधानी के फ्लाईओवर पर लूटपाट करने वाला एक गैंग इन दिनों काफी सक्रिय है. ऐसी ही एक डरावनी घटना बीते 11 अक्टूबर को दिल्ली के जाने-माने क्रिमिनल लॉयर विकास नागवान के साथ हुई. विकास अपनी पत्नी के साथ मयूर विहार से अक्षरधाम फ्लाईओवर की तरफ जा रहे थे. तभी दो बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी रुकने का इशारा किया और ऐसा जताया जैसे उनकी कार से कुछ लीक हो रहा हो. विकास जैसे ही गाड़ी से उतरे उन्होंने देखा कि अक्षरधाम फ्लाईओवर पर दूर-दूर तक कोई नहीं था. वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे और स्ट्रीट लाइट्स भी बहुत कम थी.
जिन्होंने रुकने का इशारा किया था वे यू-टर्न लेकर वापस उनकी तरफ आ रहे थे. वहीं, उनकी गाड़ी से 50 मीटर की दूरी पर 5 और लड़के बाइकों पर उनकी तरफ बढ़ रहे थे. साफ था कि वे लोग लगातार उनकी ही गाड़ी को निशाना बना रहे थे. यह देखते ही विकास तुरंत अपनी कार की तरफ भागे और गाड़ी स्टार्ट करके सीधे कश्मीरी गेट पहुंचे. जब उन्होंने वहां पहुंचकर अपनी कार चेक की, तो उनके होश उड़ गए.
गाड़ी पर डाला गया था तेल
विकास नागवान ने बताया कि कश्मीरी गेट पहुंचकर जब उन्होंने अपनी कार की जांच की तो पाया कि किसी ने गाड़ी पर बाहर से तेल फेंक रखा था. हालांकि, जब उन्होंने अंदर चेक किया तो इंजन या किसी अन्य जगह से कोई लीकेज नहीं थी. यह सब देखकर वह समझ गए कि वे बदमाश थे जो किसी बड़ी लूटपाट की घटना को अंजाम देना चाहते थे. उस वक्त कार में विकास के साथ उनकी पत्नी भी थी. एक खास बातचीत में विकास ने बताया कि दिल्ली में ऐसी घटनाएं उन इलाकों में बढ़ रही है. जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं होते और सन्नाटा रहता है. खास तौर पर कुछ फ्लाईओवर ऐसे है. जहां इस तरह की वारदातें लगातार हो रही है.
उन्होंने बताया कि इन वारदातों में कई बार वे लोग शामिल होते हैं जो अवैध रूप से रह रहे है. इसके अलावा कई बार इसमें वे स्कूली बच्चे भी शामिल होते है जो अच्छी लाइफस्टाइल जीना चाहते है. लेकिन परिवार की आर्थिक तंगी के चलते ऐसा नहीं कर पाते. उन्होंने कोर्ट में ऐसे बच्चों के कई केस खुद देखे हैय
बचने के लिए अपनाएं ये तरीके
विकास नागवान ने सलाह दी कि अगर आप अपनी पत्नी, बहन या किसी महिला के साथ सफर कर रहे है तो बहुत सतर्क रहें। अपराधी हमेशा यह देखते है कि गाड़ी में कौन लोग है. अगर आपके साथ मां पत्नी या बहन हैं तो वे आपकी गाड़ी को जरूर निशाना बनाएंगे. हालांकि, अगर किसी कार में 5-6 लड़के बैठे हो तो अपराधी ऐसी गाड़ियों से दूर रहते है. ऐसी घटनाओं से बचने के लिए उन्होंने कुछ जरूरी बाते बताई.
1. अगर रास्ते में कोई आपको गाड़ी रोकने का इशारा करे, तो भूलकर भी गाड़ी न रोके.
2. ऐसे अपराधियों को पहचानने का तरीका यह है कि वे हमेशा हेलमेट पहने रहते है और उनकी गाड़ियों पर नंबर प्लेट नहीं होती है.
3. ये लोग झुंड बनाकर चलते है. कुछ लोग आगे से इशारा करते है तो कुछ पीछे-पीछे चलते है ताकि गाड़ी रुकते ही आपको घेर सके.
4. सुनसान जगह पर कभी भी अपनी गाड़ी न रोके. भले ही आपकी गाड़ी में कोई खराबी क्यों न आ गई हो गाड़ी को घसीटते हुए किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में ले जाए.
5. अपनी कार में हमेशा डैश कैम (Dash Cam) ऑन रखे.
