Last Updated:
Delhi-NCR Weather LIVE Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है. नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में दोपहर में ही घने काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया. धूल भरी तेज आंधी और बादलों की गड़गड़ाहत के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं. इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन यातायात प्रभावित हुआ है.
दिल्ली एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया है
नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि दोपहर में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला है. चिलचिलाती गर्मी के बीच आसमान में काले घने बादलों ने डेरा डाल लिया है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है. धूल भरी तेज हवाओं के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है. बादलों की भीषण गड़गड़ाहत ने मानसून जैसी आहट पैदा कर दी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में एनसीआर के इन प्रमुख शहरों में तेज बारिश की प्रबल संभावना है. धूल भरी आंधी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.
बारिश के बाद तेज धूप
गाजियाबाद और दिल्ली के कई इलाकों में भीषण आंधी और ओले गिरने के बाद मौसम ने एक और पलटी मारी और अचानक तेज धूप निकल आई. फिलहाल उमस और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तापमान में बढ़ोतरी होगी. इसके बाद एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का स्पेल दिल्ली एनसीआर में बारिश लेकर आ सकता है.
दिल्ली में तेज बारिश के साथ गिर रहे ओले
नोएडा और पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन, शाहदरा और विवेक विहार जैसे इलाकों में जमकर ओले गिरे. पहले ही दिन में अंधेरा छाने के साथ ओले गिरने और भीषण बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई थी. अब आईएमडी की तरफ से कहा गया है कि अगले 2 घंटों के दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं.
अगले दो घंटे रहना होगा सावधान
वहीं, मध्य और दक्षिण दिल्ली के आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम और लाजपत नगर समेत कई प्रमुख हिस्सों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का सिलसिला शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 120 मिनट के लिए इन इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. धूल भरी आंधी और बारिश के मेल ने तापमान को गिरा दिया है, लेकिन विजिबिलिटी कम होने से यातायात पर असर पड़ने की प्रबल आशंका है.
पिछले साल के मुकाबले अप्रैल कम गर्म
आईएमडी (IMD) के आंकड़ों से एक नई बात यह पता चली है कि इस साल 16 अप्रैल को पहली बार पारा 40 डिग्री के पार गया था. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इस अप्रैल में औसत तापमान कम रहा है. महीने की शुरुआत (1 से 8 अप्रैल) में हुई चार दिनों की बारिश और अब महीने के अंत में इस सक्रियता ने भीषण गर्मी की तपिश को थामने में बड़ी भूमिका निभाई है. ओले गिरने से न केवल सतह की गर्मी कम की है बल्कि हवा में भी ठंडक घोल दी है.
About the Author
डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें
