Last Updated:
Karwa Chauth Hairstyles Tips: करवा चौथ पर पार्लर जाने का समय नहीं है, तो आप घर पर ही कुछ टिप्स अपना सकती हैं. दिल्ली की मशहूर मेकअप आर्टिस्ट नेहा शर्मा ने घर पर ही आसानी से बनने वाले स्टाइलिश हेयरस्टाइल सुझाए हैं. इनमें ट्विस्ट एंड टर्न, वॉटरफॉल और मेसी ब्रेड शामिल हैं, जो आपकी सुंदरता में चार चांद ला देगा. आइये जानते हैं इसके बारे में.
दिल्ली: करवा चौथ पर हर महिला चाहती है कि उसका लुक सबसे खूबसूरत दिखे. साड़ी हो या सूट, ज्वेलरी हो या मेकअप, हर छोटी-बड़ी चीज त्योहार की तैयारी को खास बनाती है, लेकिन कई बार घर के कामों और व्रत की तैयारियों के बीच पार्लर जाने का समय ही नहीं मिल पाता है. ऐसे में बालों को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप घर पर ही कुछ आसान तरीकों से अपने बालों को खूबसूरत लुक दे सकती हैं. हेयरस्टाइल आपके पूरे लुक को खास बना सकती है. सबसे खास बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा समय या किसी खास तरह की ट्रेनिंग की जरूरत नहीं है. दिल्ली की मेकअप आर्टिस्ट नेहा शर्मा ने करवा चौथ के लिए कुछ ऐसी ही आसान हेयरस्टाइल बताई हैं, जिन्हें कम समय में घर पर बनाया जा सकता है.
ट्विस्ट एंड टर्न से पाएं स्टाइलिश लुक
अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो ट्विस्ट एंड टर्न तकनीक से हेयरस्टाइल बना सकती हैं. इसमें बालों की छोटी-छोटी लेयर लेकर उन्हें ट्विस्ट किया जाता है और फिर पिन की मदद से सेट कर दिया जाता है. बालों को हल्का-सा खींचने से हेयरस्टाइल में अच्छा वॉल्यूम भी आता है. इस हेयरस्टाइल को आप मिडिल या साइड पार्टिशन के साथ बना सकती हैं. इसमें खूबसूरत हेयर एक्सेसरीज लगाने से लुक और भी निखर जाता है. यह स्टाइल उन महिलाओं के लिए अच्छा विकल्प है, जो कम समय में बालों को एक अलग अंदाज देना चाहती हैं.
वॉटरफॉल हेयरस्टाइल से पाएं खूबसूरत लुक
वॉटरफॉल हेयरस्टाइल भी करवा चौथ के लिए एक अच्छा विकल्प है. इसकी खासियत यह है कि यह ट्रेडिशनल और वेस्टर्न, दोनों तरह के आउटफिट के साथ अच्छी लग सकती है. इसे सीधे बालों में भी बनाया जा सकता है और कर्ल्स के साथ भी ट्राई किया जा सकता है. इस हेयरस्टाइल को बनाने के बाद बालों में अपनी पसंद की एक्सेसरीज लगाएं. इससे आपका लुक और भी आकर्षक दिखाई देगा. अगर आप किसी पार्टी या फंक्शन में जाने की तैयारी कर रही हैं, तो कम समय में तैयार होने के लिए यह स्टाइल काम आ सकती हैं.
मेसी ब्रेड से पाएं ट्रेडिशनल लुक
अगर आप करवा चौथ पर साड़ी या सूट पहन रही हैं, तो मेसी ब्रेड आपके लुक को खास बना सकती हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले बालों को अच्छी तरह कंघी करें. इसके बाद दोनों तरफ से बालों की लेयर लेकर रबर बैंड की मदद से बांधें. अब बालों को ट्विस्ट करते हुए हल्का-सा ढीला करें, ताकि हेयरस्टाइल में अच्छा वॉल्यूम आए. इसी तरह बालों की दूसरी लेयर बनाएं और उसे भी हल्के हाथों से सेट करें. आखिर में इस हेयरस्टाइल को गजरे या अपनी पसंद की हेयर एक्सेसरीज से सजा सकती हैं. इससे बालों को खूबसूरत ट्रेडिशनल लुक मिलेगा.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
