Last Updated:
Jewar Airport To Udaipur Flight: जेवर एयरपोर्ट से कुल 15 शहरों के लिए फ्लाइट उड़ानें भर रहीं थीं. अब इस लिस्ट में 16वां शहर भी शामिल हो गया है. अक्टूबर के महीने में नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ने वाला ये तीसरा शहर बन गया है.
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के शुरू होने से देश के अलग-अलग राज्यों की कनेक्टिविटी अब नोएडा से जुड़ रही है. अब रविवार, 25 अक्टूबर के दिन जेवर एयरपोर्ट से एक और राज्य के लिए सेवाएं शुरू हो गई हैं. बता दें कि इस एयरपोर्ट से झीलों के शहर उदयपुर के लिए अब सीधी फ्लाइट मिलेगी. अक्टूबर के महीने में नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ने वाला ये तीसरा शहर बन गया है.
नोएडा एयरपोर्ट वेबसाइट के अनुसार, रविवार को दोपहर 1:30 बजे फ्लाइट ने जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरी, जबकि उदयपुर से आने वाली फ्लाइट शाम करीब 8 बजे नोएडा में लैंड हुई. इससे पहले 01 अक्टूबर को इंडिगो ने नोएडा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरी थी. इसके बाद 21 अक्टूबर से चंड़ीगढ़ के लिए यहां से दोबारा फ्लाइट की सेवाएं शुरू हुईं. पहले जुलाई के महीने में चंड़ीगढ़ के लिए नोएडा से फ्लाइट शुरू हुई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से अस्थायी तौर पर इसे बंद कर दिया गया था. उदयपुर के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो ने ये फ्लाइट शुरू की है, जिसका किराया 5000 से 7000 रुपए तय की गई है.
टर्मिनल का काम हुआ पूरा
अब उदयपुर के लिए फ्लाइट शुरू होने से राजस्थान जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. वहीं अनुमान ये भी लगाया जा रहा है कि नए साल से एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी. इसके लिए टर्मिनल का काम लगभग पूरा हो गया है. अगले महीने बकास की ओर से सभी चीजों की जांच शुरू होगी. जेवर एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से यहां के लोगों के लिए काफी सुविधा मिलेगी.
16 शहरों के लिए जेवर से फ्लाइट
जेवर एयरपोर्ट से अब तक कुल 16 शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो चुकी हैं, जिसके लिए शेड्यूल भी निर्धारित किया गया है. एयरपोर्ट से अमृतसर, पंतनगर, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, लखनऊ, भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, जम्मू और उदयपुर के लिए रोजाना फ्लाइट जाती है. वहीं बरेली, किशनगढ़ और चंडीगढ़ के लिए एक दिन छोड़कर विमान उड़ान भरती है. इन 16 शहरों के लिए 32 से 34 विमान निर्धारित की गई है.
