Traffic Alert: करवा चौथ हो या दीपावली यूपी में सड़कें रहेंगी जाम फ्री, पुलिस ने बनाया स्पेशल ट्रैफिक प्लान

Last Updated:

Ghaziabad News : त्योहारों के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए यूपी पुलिस अलर्ट हो गई है. लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी. साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे.

गाजियाबाद में नहीं लगेगा ट्रैफिक. (एआई तस्वीर)

गाजियाबाद : गाजियाबाद में आगामी त्योहारों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने जाम से निपटने के लिए कमर कस ली है. करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पूजा के दौरान बाजारों और प्रमुख सड़कों पर लोगों की भीड़ बढ़ने से जाम की समस्या सामने आती है. ऐसे में लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है.

एडिशनल कमिश्नर गाजियाबाद यातायात एवं कानून व्यवस्था राजनकरण नैय्यर ने बताया कि बाजारों में पार्किंग स्थल चिह्नित करने के साथ सीसीटीवी, बैरिकेडिंग और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, लोगों को जाम वाले रास्तों की जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया पर ट्रैफिक बुलेटिन भी जारी किए जा रहे हैं.

त्योहारों का सीजन शुरू होते ही गाजियाबाद के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगती है. ऐसे में सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है. पर्व अधिक है इसी चुनौती को देखते हुए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस अगले 20 दिनों को यातायात की दृष्टि से बेहद अहम मानकर तैयारी में जुटी है. चौकी स्तर पर प्रमुख बाजारों और पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है, ताकि सड़क किनारे अनावश्यक वाहन खड़े न हों और यातायात सुचारु बना रहे.

यातायात व्यवस्था के साथ सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग और मिशन शक्ति टीमों को सक्रिय किया है. संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ संबंधित टीमों और जिम्मेदार लोगों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है. बाजारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापारियों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं, ताकि त्योहारों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो.

वहीं, गाजियाबाद पुलिस की ट्रैफिक बुलेटिन पहल भी लोगों के लिए मददगार साबित हो सकती है. सोशल मीडिया के जरिए लोगों को उन रास्तों की जानकारी दी जाती है, जहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है. खासकर ऑफिस जाने वाले लोगों को समय रहते वैकल्पिक रास्तों और यातायात की स्थिति के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है. लोग गाजियाबाद पुलिस के एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रैफिक संबंधी अपडेट प्राप्त कर सकते हैं.

About the Author

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *