कौन हैं 'रामायण' के डायरेक्टर की पत्नी? 3 मुलाकात में जिसने मान लिया पति, फिल्मी है नितेश तिवारी की लवस्टोरी

Last Updated:

Who Is Nitesh Tiwari Wife: प्यार के लिए कोई सात समंदर पार करता है तो कोई अपने करियर के बड़े फैसले बदल देता है. बॉलीवुड में आलिया भट्ट-रणबीर कपूर और विक्की कौशल-कटरीना कैफ जैसे स्टार कपल्स की कहानियां खूब सुर्खियां बटोरती हैं. लेकिन एक फिल्ममेकर कपल की प्रेम कहानी कुछ अलग है. तीन मुलाकातों में शादी का फैसला, प्यार के लिए छोड़ा बड़ा मौका और शादी से पहले घर खरीदने के लिए लोन तक… अब इसी कहानी के हीरो 5 नवंबर को ‘रामायण’ लेकर सिनेमाघरों में पहुंचने वाले हैं.

नई दिल्ली. ‘दंगल’ और ‘छिछोरे’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले निर्देशक नितेश तिवारी इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पर्दे पर राम की कहानी दिखाने जा रहे नितेश की असल जिंदगी की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है? उनकी पत्नी अश्विनी अय्यर तिवारी भी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं. वह ‘निल बटे सन्नाटा’ और ‘बरेली की बर्फी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकी हैं. दोनों की मुलाकात फिल्मों के सेट पर नहीं, बल्कि विज्ञापन की दुनिया में हुई थी. पहली मुलाकात, तीन मुलाकातों में शादी का फैसला, प्यार के लिए करियर का बड़ा मौका छोड़ना और शादी से पहले घर खरीदने के लिए लिया गया लोन… इस कपल की लव स्टोरी में ऐसे कई दिलचस्प मोड़ हैं.

नितेश तिवारी की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. ऐसे में उस निर्देशक की असली जिंदगी की प्रेम कहानी भी चर्चा में है, जिसने पर्दे पर राम और सीता की कहानी को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी की है. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

नितेश और अश्विनी की पहली मुलाकात साल 2002 में विज्ञापन की दुनिया से जुड़े कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी. उस वक्त नितेश लोवे लिंटस (Lowe Lintas) में काम कर रहे थे, जबकि अश्विनी लियो बर्नेट (Leo Burnett) से जुड़ी थीं. अश्विनी की दोस्त कैनाज करमारकर ने पहले ही उन्हें नितेश के बारे में बताया था. उन्होंने नितेश की तारीफ करते हुए कहा था कि वह बेहतरीन इंसान हैं और रेडियो के लिए शानदार काम कर चुके हैं. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

Add News18 as
Preferred Source on Google

दिलचस्प बात यह है कि अश्विनी ने नितेश से मिलने से पहले ही उनके मन में एक तस्वीर बना ली थी. उन्हें लगा था कि नितेश एकदम ‘राइटर टाइप’ होंगे. नीली जींस पहनने वाले, चश्मा लगाए हुए और अपने काम में डूबे रहने वाले. जब दोनों मुंबई के एक पब में मिले तो अश्विनी हैरान रह गईं. नितेश बिल्कुल वैसे ही निकले, जैसे उन्होंने अपने मन में उनकी तस्वीर बनाई थी. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. अगले ही दिन अश्विनी ने उसी पब में नितेश को अपना पोर्टफोलियो दिखाया. नितेश को उनका काम पसंद आया, लेकिन प्यार के मामले में दोनों की रफ्तार बिल्कुल अलग थी. जहां नितेश धीरे-धीरे इस रिश्ते को समझ रहे थे, वहीं अश्विनी ने महज तीन मुलाकातों में फैसला कर लिया था कि उन्हें नितेश से शादी करनी है. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

अश्विनी ने अपनी मां को भी नितेश के बारे में बता दिया था. शुरुआत में उनकी मां को चिंता हुई कि बेटी की शादी उत्तर प्रदेश के परिवार में हो रही है. लेकिन जब उन्हें पता चला कि नितेश IIT से पढ़े हैं तो उनकी कई चिंताएं दूर हो गईं. इस बात पर नितेश आज भी मजाक में कहते हैं कि शायद उनकी डिग्री का सबसे अच्छा इस्तेमाल उसी दिन हुआ था. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

नितेश खुद मानते हैं कि अगर अश्विनी ने रिश्ते को लेकर इतनी स्पष्टता और जिद न दिखाई होती तो शायद दोनों की शादी नहीं होती. अश्विनी ने अपने रिश्ते को प्राथमिकता देते हुए बैंकॉक में काम करने का एक मौका भी छोड़ दिया था, क्योंकि वह दूरी को अपने रिश्ते के बीच नहीं आने देना चाहती थीं. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

अश्विनी के इस साथ ने नितेश को रिश्ते की गहराई का एहसास कराया. बाद में उन्होंने मजाकिया अंदाज में घर की बालकनी को पूरी तरह अश्विनी के नाम कर दिया. उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु से आने वाले इन दो लोगों के परिवारों में भाषा और संस्कृति का अंतर जरूर था, लेकिन मुलाकात के बाद दोनों परिवारों को एहसास हुआ कि उनकी सोच और शिक्षा से जुड़े मूल्य काफी मिलते-जुलते हैं. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

विज्ञापन की दुनिया में दोनों ने लंबे समय तक साथ काम भी किया. अश्विनी करीब सात साल तक नितेश को रिपोर्ट करती थीं. हालांकि, पति-पत्नी के रूप में एक ही ऑफिस में काम करना हमेशा आसान नहीं रहा. नितेश अकसर अश्विनी के साथ जरूरत से ज्यादा सख्त हो जाते थे, ताकि टीम को कभी यह न लगे कि वह पत्नी के लिए पक्षपात कर रहे हैं. वहीं अश्विनी को भी शुरुआत में यह साबित करने में समय लगा कि उनकी पहचान सिर्फ नितेश की पत्नी तक सीमित नहीं है. आज दोनों का साथ एक अलग रूप में जारी है. नितेश अश्विनी की फिल्मों की स्क्रिप्ट और लेखन में मदद करते हैं, जबकि अश्विनी उनके प्रोजेक्ट्स में एक साइलेंट पार्टनर की तरह साथ खड़ी रहती हैं. यही भरोसा अब नितेश के सबसे बड़े फिल्मी सफर में भी अहम है. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

5 नवंबर को रिलीज होने वाली ‘रामायण’ नितेश तिवारी के करियर की सबसे बड़ी और चर्चित फिल्मों में से एक है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आने वाले हैं. ऐसे में नितेश के सामने सिर्फ एक बड़ी फिल्म को सफल बनाने की चुनौती नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की सबसे लोकप्रिय कहानी को पर्दे पर उतारने की जिम्मेदारी भी है. शायद यही वजह है कि नितेश और अश्विनी की असली जिंदगी की यह कहानी ‘रामायण’ की रिलीज से पहले और भी खास लगती है. फोटो साभार-@ashwinyiyertiwari/Instagram

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *