Last Updated:
दिल्ली में नमो यमुना रिवर सफारी 10 नवंबर से शुरू होने जा रही है. पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इसकी तारीख का ऐलान किया है. फेरी सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगी. करीब 12 किलोमीटर के पूरे सफर में 35 से 40 मिनट लगेंगे. प्रति व्यक्ति टिकट 500 रुपये प्रस्तावित है. परिसर में फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट और बच्चों के लिए किड्स जोन भी बनाए जा रहे हैं.
दिल्लीवालों को नई सौगात मिलने जा रही है. (PTI)
दिल्ली वालों को अब नदी के बीचोंबीच घूमने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. राजधानी में यमुना के पानी पर क्रूज की सवारी का इंतजार खत्म होने जा रहा है. दिल्ली सरकार 10 नवंबर से नमो यमुना रिवर सफारी शुरू करने जा रही है. पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इसकी शुरुआत की तारीख का ऐलान किया है. इस सफारी में लोग सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना की सैर कर सकेंगे. करीब 12 किलोमीटर का पूरा सफर 35 से 40 मिनट में होगा. इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का टिकट प्रस्तावित है. खास बात यह है कि सफारी सिर्फ नाव की सवारी तक सीमित नहीं रहेगी. यहां परिवारों और बच्चों के मनोरंजन के लिए भी कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. दिल्ली सरकार इसे राजधानी के नए पर्यटन केंद्र के रूप में तैयार कर रही है.
10 नवंबर को होगा उद्घाटन
यमुना सफारी की शुरुआत पहले 4 नवंबर को होनी थी. हालांकि, उद्घाटन कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया. अब 10 नवंबर को इसका शुभारंभ किया जाएगा. तैयारियों और ट्रायल के बाद इसे आम लोगों के लिए खोलने की योजना है. नमो यमुना रिवर सफारी के तहत फेरी सोनिया विहार के वजीराबाद घाट से चलेगी. यह जगतपुर गांव स्थित शनि मंदिर घाट तक जाएगी. करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद फेरी वापस लौटेगी. इस तरह पूरा चक्कर लगभग 12 किलोमीटर का होगा. फेरी में एक बार में करीब 30 यात्री बैठ सकेंगे. यह वातानुकूलित होगी. यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट भी उपलब्ध रहेंगी. सफर के दौरान ऊपर खड़े होकर यमुना का नजारा देखने की सुविधा भी होगी.
फूड पार्क, रेस्टोरेंट और किड्स जोन भी होंगे
सफारी की पूरी यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया प्रस्तावित है. वहीं, सिर्फ परिसर और प्लेटफॉर्म क्षेत्र में घूमने वालों को 50 रुपये का प्रवेश टिकट देना होगा. टिकट की ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग की वेबसाइट से किए जाने की व्यवस्था बताई गई है. सरकार यमुना किनारे इस पूरे इलाके को फैमिली पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित कर रही है. यहां फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट और बच्चों के लिए किड्स जोन तैयार किए जा रहे हैं. इसके अलावा म्यूजिकल फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाओं की भी योजना है. इससे आसपास के कारोबार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया था ट्रायल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26 अक्टूबर को यमुना सफारी का ट्रायल रन शुरू किया था. उन्होंने खुद भी क्रूज में सफर किया और अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली थी. इस दौरान पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने कहा था कि यमुना से दिल्ली के लोगों का भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव है. सरकार पर्यटन के साथ नदी की सफाई और पर्यावरण सुरक्षा पर भी ध्यान देगी. अब 10 नवंबर से दिल्लीवालों को यमुना पर क्रूज की सवारी का नया अनुभव मिलने की उम्मीद है.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
