Last Updated:
Mohammed Shami Test Retires: भारतीय क्रिकेट के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने सफेद जर्सी छोड़ने की घोषणा की. शमी ने अपने सफर को याद करते हुए हर संघर्ष, चोट और वापसी को जीवन का अहम हिस्सा बताया. साथ ही बीसीसीआई, कोचों, साथियों और करोड़ों प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया.
मोहम्मद शमी ने टेस्ट को कहा अलविदा.
नई दिल्ली. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है. शमी ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास की घोषणा की. सफेद जर्सी से उनका यह मोहभंग सिर्फ एक फॉर्मेट का अंत नहीं, बल्कि भारतीय गेंदबाजी के एक स्वर्णिम अध्याय का विराम है.
मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद मार्मिक संदेश साझा करते हुए लिखा, ‘मैं सफेद जर्सी को अलविदा कह रहा हूं, लेकिन इससे जुड़ी यादों को कभी नहीं. जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तो मेरे मन में सिर्फ एक ही सपना था. अपने देश के लिए कुछ करना. तब से लेकर आज तक, हर एक विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया है.’
संघर्ष और जुझारूपन से भरा यादगार सफर
शमी का यह सफर कभी आसान नहीं रहा. उनके करियर में जितने शानदार स्पैल और घातक सीम पोजीशन वाले स्विंग डिलीवरियां थीं, उतने ही कांटेदार रास्ते और चोटें भी थीं. लेकिन शमी की पहचान ही उनकी जिद और जुझारूपन से थी. जब-जब शरीर टूटा, उन्होंने और अधिक मजबूती के साथ मैदान पर वापसी की. उनके द्वारा फेंकी गई हर एक गेंद भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो चुकी है.
टेस्ट क्रिकेट: जीवन का एक अनमोल हिस्सा
अपने इस भावनात्मक संदेश में उन्होंने आगे कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक प्रारूप नहीं रहा, यह मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है. आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं. हर उस सहकर्मी, कोच, परिवार के सदस्य और करोड़ों भारतीयों का तहे दिल से शुक्रिया, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया और अच्छे-बुरे दोनों समय में मुझ पर भरोसा बनाए रखा.’
बीसीसीआई और सीएबी का विशेष आभार
शमी ने इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल का भी विशेष आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं ने उनकी प्रतिभा पर विश्वास किया और उनके करियर को संवारने में अहम भूमिका निभाई.
View this post on Instagram
