अगर आप फॉरेन ट्रिप का प्लान बना रहे हैं और वहां की शानदार सड़कों पर खुद स्टीयरिंग थामकर लंबी रोड ट्रिप का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो हमारा ये आर्टिकल आपके चेहरे पर मुस्कान ला देगा. अक्सर लोग सोचते हैं कि सात समंदर पार कार या बाइक चलाने के लिए इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (IDP) बनवाने के लंबे झंझट से गुजरना पड़ेगा. लेकिन सच ये है कि आपके पर्स में रखा भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस (DL) ही कई देशों में आपका असली हमसफर बन सकता है.
अमेरिका के लंबे हाईवे हों, स्विट्जरलैंड की हसीन वादियां या पड़ोसी भूटान और नेपाल के घुमावदार रास्ते. दुनिया के कई बड़े मुल्क भारतीय DL की ताकत को सीधे पहचानते हैं. बस शर्त इतनी है कि आपका लाइसेंस वैध हो, उस पर सारी जानकारी साफ अंग्रेजी में दर्ज हो और आपके पास वैध पासपोर्ट-वीजा मौजूद हो. तो चलिए, बैग पैक करने से पहले जानते हैं कि आपका भारतीय लाइसेंस किन-किन देशों में वैलिड माना जा सकता है?
अमेरिका (USA)
अमेरिका के अधिकांश राज्यों में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस के साथ 1 साल तक ड्राइविंग करने की अनुमति मिलती है. आपका लाइसेंस अंग्रेजी में होना चाहिए और आपके पास अमेरिकी प्रवेश की पुष्टि के लिए फॉर्म I-94 की कॉपी होनी चाहिए. हालांकि, कैलिफोर्निया या टेक्सास जैसे कुछ राज्यों में या रेंटल कार कंपनियों की नीतियों के आधार पर बैकअप के तौर पर आईडीपी (IDP) साथ रखने की सलाह दी जाती है.
यूनाइटेड किंगडम (UK)
ब्रिटेन (इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड) में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस धारक बिना किसी स्थानीय रुकावट के 1 साल तक गाड़ियां चला सकते हैं. भारत की तरह यूके में भी लेफ्ट-हैंड ड्राइविंग (सड़क के बाईं ओर गाड़ी चलाना) का नियम लागू है. यहां केवल उसी श्रेणी का वाहन चलाया जा सकता है, जो आपके भारतीय लाइसेंस पर स्पष्ट रूप से दर्ज हो.
ऑस्ट्रेलिया (Australia)
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स, क्वींसलैंड, साउथ ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियन कैपिटल टेरिटरी में भारतीय लाइसेंस 1 साल तक वैध रहता है, जबकि उत्तरी इलाकों में ये छूट 3 महीने के लिए होती है. यहां भी ट्रैफिक बाईं तरफ चलता है. अगर लाइसेंस में जानकारी केवल अंग्रेजी में नहीं है, तो ऑफिशियल ट्रांसलेट या आईडीपी साथ रखना अनिवार्य माना जाता है.
कनाडा (Canada)
कनाडा में पर्यटकों को भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस के साथ अधिकतम 60 से 90 दिनों (अलग-अलग प्रांतों के नियमानुसार) तक ड्राइविंग की अनुमति मिलती है. ओंटारियो और ब्रिटिश कोलंबिया जैसे प्रांतों में रोड ट्रिप के लिए भारतीय डीएल वैध पहचान पत्र के साथ मान्य है. 60 दिनों से अधिक प्रवास होने पर स्थानीय कनाडाई लाइसेंस लेना अनिवार्य हो जाता है.
जर्मनी (Germany)
जर्मनी अपनी विश्व प्रसिद्ध ‘ऑटोबान’ सड़कों के लिए जाना जाता है और यहां भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस देश में प्रवेश की तारीख से 6 महीने तक मान्य रहता है. नियम ये है कि लाइसेंस अंग्रेजी या जर्मन में होना चाहिए. अगर लाइसेंस क्षेत्रीय भारतीय भाषा में है, तो जर्मन दूतावास से उसका प्रमाणित अनुवाद या आईडीपी साथ रखना जरूरी होता है.
न्यूजीलैंड (New Zealand)
न्यूजीलैंड में आप भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस की मदद से प्रवेश की तारीख से 1 साल तक कार या बाइक चला सकते हैं. चालक की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए और लाइसेंस का अंग्रेजी में होना आवश्यक है. यदि लाइसेंस पर विवरण अंग्रेजी में न हो, तो न्यूजीलैंड ट्रांसपोर्ट एजेंसी (NZTA) द्वारा स्वीकृत अनुवाद साथ रखना पड़ता है.
स्विट्जरलैंड (Switzerland)
अल्पाइन वैली और पिक्चर स्क्वायर सड़कों वाले स्विट्जरलैंड में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पूरे 1 साल के लिए मान्य रहता है. लाइसेंस अंग्रेजी में होना चाहिए, जिसके आधार पर कार रेंटल एजेंसियां आसानी से गाड़ी दे देती हैं. स्विट्जरलैंड में गाड़ियां सड़क के दाईं ओर चलती हैं, इसलिए पर्यटकों को स्थानीय लेन अनुशासन का विशेष ध्यान रखना होता है.
सिंगापुर (Singapore)
सिंगापुर में भारतीय लाइसेंस धारक बिना किसी परेशानी के अधिकतम 12 महीने (1 वर्ष) तक गाड़ी चला सकते हैं. यहां भी भारत की तरह सड़क के बाईं ओर वाहन चलाने का नियम है. सिंगापुर में ट्रैफिक नियमों और तय गति सीमा (एक्सप्रेसवे पर 80-90 किमी/घंटा और शहरी क्षेत्रों में 50 किमी/घंटा) का बहुत सख्ती से पालन कराया जाता है.
भूटान (Bhutan)
भारत के पड़ोसी देश भूटान में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस बिना किसी विशेष समय सीमा या आईडीपी की बाध्यता के पूरी तरह मान्य है. दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय समझौतों के कारण भारतीय नागरिक अपने टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वहां आसानी से चला सकते हैं, जिसके लिए केवल सीमा पर ‘व्हीकल परमिट’ लेना होता है.
नेपाल (Nepal)
नेपाल में भारतीय नागरिकों के लिए ड्राइविंग नियम बेहद सुगम हैं. यदि आप भारत से अपनी निजी कार या बाइक लेकर नेपाल जा रहे हैं, तो आपका वैध भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस वहां पूरी तरह मान्य होता है. इसके लिए बॉर्डर चेकपोस्ट पर कस्टम कार्यालय से वाहन का ‘भंसार’ (Bhansar) और सुविधा पास लेना जरूरी होता है. नेपाल में भी भारत की तरह सड़क के बाईं ओर ड्राइविंग की जाती है.
फ्रांस (France)
फ्रांस में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस 1 साल की अवधि के लिए वैध रहता है. हालांकि, यहां सबसे मुख्य शर्त ये है कि आपके पास लाइसेंस का आधिकारिक फ्रेंच अनुवाद होना चाहिए या फिर बैकअप के तौर पर आईडीपी साथ हो. फ्रांस में गाड़ियां सड़क के दाईं ओर चलती हैं, इसलिए ड्राइविंग करते समय लेन नियमों पर ध्यान देना जरूरी है.
मलेशिया (Malaysia)
मलेशिया में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को अधिकतम 3 महीने (90 दिन) तक गाड़ी चलाने की छूट मिलती है. लाइसेंस अंग्रेजी या मलय भाषा में होना चाहिए. यदि लाइसेंस अन्य भाषा में है, तो दूतावास से प्रमाणित अनुवाद प्रस्तुत करना आवश्यक होता है. 3 महीने से अधिक रुकने पर आईडीपी या स्थानीय परमिट अनिवार्य है.
दक्षिण अफ्रीका (South Africa)
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पूरी तरह मान्य है, बशर्ते वह अंग्रेजी में हो और उस पर आपकी फोटो व हस्ताक्षर साफ तौर पर मौजूद हों. यहां भी भारत की तरह बाईं तरफ ड्राइविंग की जाती है, जिससे भारतीय यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होती, हालांकि कुछ स्थानीय रेंटल कंपनियां आईडीपी मांग सकती हैं.
स्वीडन (Sweden)
स्वीडन में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस प्रवेश की तारीख से 1 साल तक वैध रहता है. स्वीडिश नियमों के मुताबिक, लाइसेंस पर जानकारी अंग्रेजी, स्वीडिश, जर्मन, फ्रेंच या नार्वेजियन में होनी चाहिए. इसके साथ वैध पासपोर्ट और पहचान प्रमाण पत्र साथ रखना अनिवार्य है.
आयरलैंड (Ireland)
आयरलैंड में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पर्यटक अधिकतम 12 महीने (1 वर्ष) तक गाड़ी चला सकते हैं. भारत की तरह आयरलैंड में भी गाड़ियां सड़क के बाईं तरफ चलती हैं. अगर कोई व्यक्ति वहां 1 वर्ष से अधिक समय तक निवास करने की योजना बनाता है, तो उसे आयरिश ड्राइविंग टेस्ट देकर स्थानीय लाइसेंस लेना पड़ता है.
नॉर्वे (Norway)
नॉर्वे अपनी सुंदर तटीय सड़कों और फ्योर्ड्स के लिए मशहूर है. यहां भारतीय पर्यटक अपने अंग्रेजी ड्राइविंग लाइसेंस के साथ 3 महीने तक आसानी से गाड़ी चला सकते हैं. यूरोप के अन्य देशों की तरह यहां भी दाईं ओर ड्राइविंग का नियम है और सर्दियों के मौसम में स्नो-टायर व विशेष ड्राइविंग नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है.
स्पेन (Spain)
स्पेन में पर्यटक अपने वैध भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस के साथ 6 महीने तक ड्राइविंग कर सकते हैं. स्पेनिश नियमों के तहत लाइसेंस का स्पेनिश या अंग्रेजी में आधिकारिक अनुवाद या आईडीपी साथ रखना अनिवार्य माना जाता है, जिससे ट्रैफिक पुलिस या कार रेंटल एजेंसियों के साथ किसी प्रकार का विवाद न हो.
हांगकांग (Hong Kong)
हांगकांग में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस धारक आगमन की तारीख से 12 महीने तक कानूनी रूप से गाड़ी चला सकते हैं. यहां भी ट्रैफिक सिस्टम भारत की तरह लेफ्ट-हैंड ड्राइविंग पर काम करता है. वाहन किराए पर लेते समय वैध पासपोर्ट और अंग्रेजी लाइसेंस प्रस्तुत करना पर्याप्त होता है.
फिनलैंड (Finland)
फिनलैंड में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को उनके वीजा और स्वास्थ्य बीमा की वैधता के आधार पर 6 से 12 महीने तक गाड़ी चलाने की छूट मिलती है. लाइसेंस अंग्रेजी में होना चाहिए और नॉर्डिक देशों के कड़े ट्रैफिक नियमों व स्पीड लिमिट का सख्ती से पालन करना जरूरी होता है.
मॉरीशस (Mauritius)
मॉरीशस भारतीय पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है और यहां भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पूरी तरह मान्य है. मॉरीशस में भी गाड़ियां सड़क के बाईं ओर चलती हैं, जिससे भारतीय ड्राइवरों को यहां तटीय सड़कों पर बिना किसी अतिरिक्त परमिट या आईडीपी के गाड़ी चलाने में पूरी सहजता रहती है.
