दिल्ली में प्रदूषण का सबसे बड़ा गुनहगार कौन? पराली नहीं, पटाखों ने 80 फीसदी तक बिगाड़ा खेल

दिल्ली-एनसीआर में दिवाली पर खूब आतिशबाजी हुई. दिल्लीवालों ने पटाखों से दिल्ली को धुआं-धुआं कर दिया. अब उसी दिवाली पर हुई आतिशबाजी ने दिल्ली की हवा में जहर घोल दिया है. दिवाली के अगले दिन यानी सोमवार को राजधानी के कुल प्रदूषण में 80 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी पटाखों के धुएं की रही. जी हां, IITM यानी ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी’ के मॉडल में यह खुलासा हुआ है. इसके मुताबिक, सोमवार को दिल्ली के प्रदूषण में 80% हिस्सा पटाखों का रहा. हालांकि, मंगलवार को हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ, लेकिन शाम होते-होते AQI फिर 300 के पार पहुंच गया. ऐसे में यह साफ है कि दिवाली के बाद हुए दिल्ली के प्रदूषण में पटाखों का ही सबसे बड़ा योगदान है.

टीओआई की खबर के मुताबिक, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी के मॉडल ने यह बताया कि दिवाली के अगले दिन सोमवार को दिल्ली के प्रदूषण में 80% से अधिक हिस्सा पटाखों से निकले धुएं का था. इससे पता चलता है कि राजधानी की हवा की गुणवत्ता पर पटाखों का कितना गहरा असर पड़ा है. यह तब हुआ, जब शहर पहले से ही कई अन्य स्रोतों से होने वाले भारी प्रदूषण से जूझ रहा था.

दिवाली के पटाखों का योगदान अधिक

हालांकि, मंगलवार को स्थिति में कुछ सुधार दिखा. शाम 4 बजे AQI 299 दर्ज किया गया, जिससे यह ‘बहुत खराब’ (very poor) श्रेणी से ‘खराब’ (poor) श्रेणी में आ गया. लेकिन शाम 6 बजे तक स्थिति फिर बिगड़ गई और AQI 302 के साथ यह वापस ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया.

दिवाली के पटाखों का जहरीला धुआं मंगलवार को भी हवा में बना रहा. IITM के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 1 बजे से 9 बजे के बीच दिल्ली के प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 29.9 फीसदी रही. वहीं, हवा में मौजूद प्रदूषक कणों के बीच रासायनिक प्रतिक्रिया से बनने वाले सेकेंडरी ऑर्गेनिक कंपाउंड प्रदूषण का दूसरा बड़ा स्रोत रहे. मंगलवार को कुल प्रदूषण में इनकी हिस्सेदारी 17.5 फीसदी दर्ज की गई.

आईएमडी (IMD) के मुताबिक, हवा साफ होने की वजह अनुकूल हवाएं थीं, जिन्होंने शहर में जमा प्रदूषकों को तितर-बितर करने में मदद की और पड़ोसी राज्यों से आने वाले पराली के धुएं को भी रोका.

दिवाली के अगले दिन प्रदूषण का तीसरा सबसे बड़ा स्रोत वाहनों से निकलने वाला धुआं रहा

यह सुधार तब देखने को मिला, जब पड़ोसी राज्य पंजाब में बड़ी संख्या में पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही थीं. ‘एयर क्वालिटी मैनेजमेंट’ के लिए बने ‘डिसीजन सपोर्ट सिस्टम’ के आकलन से पता चला कि सोमवार को दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान बहुत अधिक नहीं था. इससे संकेत मिलता है कि दिवाली के तुरंत बाद प्रदूषण में जो अचानक उछाल आया, वह मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर चलाए गए पटाखों की वजह से था, न कि पराली के धुएं के भारी मात्रा में आने की वजह से.

दिवाली के दौरान हवा की गुणवत्ता में भारी गिरावट आई थी, जिसमें पटाखों का बड़ा योगदान रहा. 8 नवंबर को दिवाली के दिन दिल्ली का औसत AQI 376 था, जो पिछले पांच वर्षों में दिवाली के दौरान दर्ज किया गया सबसे अधिक स्तर है. सोमवार को भी हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही. सुबह शहर में धुएं और धूल की एक मोटी परत छाई रही और कई निगरानी केंद्रों ने हवा की गुणवत्ता को ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया. IITM के मॉडल के अनुसार, 9 नवंबर को यानी दिवाली के एक दिन बाद दिल्ली के पार्टिकुलेट प्रदूषण में वाहन से निकलने वाले धुएं का योगदान तीसरे नंबर पर था.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *