शतरंज में भारत को म‍िला 100वां ग्रैंडमास्‍टर, प्रधानमंत्री मोदी बोले- है ना यह असाधारण उपलब्धि?

Last Updated:

who is Anuj Shrivatri: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर अनुज श्रीवत्री को बधाई दी है. मध्य प्रदेश के अनुज ने फिलिपीन्स में सातवीं आसियान प्लस चैंपियनशिप जीतकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. पीएम मोदी ने कहा कि यह शतक देश के युवाओं में खेल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों के समर्पण को दर्शाता है. 1988 में विश्वनाथन आनंद देश के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे, और अब भारत ने इस खेल में बड़ा शतक पूरा कर लिया है.

पीएम ने अनुज को दी बधाई.

नई द‍िल्‍ली. मध्य प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी अनुज श्रीवत्री ने फिलिपीन्स के सिनाकाबान में आयोजित सातवीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है. इस उल्लेखनीय उपलब्‍ध‍ि के साथ ही अनुज ने भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव अपने नाम कर लिया है. देश के लिए यह एक असाधारण उपलब्धि है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय मेधा का एक बार फिर परचम लहराया है.

इस ऐतिहासिक सफलता पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और अनुज श्रीवत्री को हार्दिक बधाई दी. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, ‘भारत ने शतरंज में शतक पूरा कर लिया है! है ना यह असाधारण उपलब्धि? भारत अब 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर वाला देश बन गया है. भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर अनुज श्रीवत्री को बधाई! यह कितनी शानदार उपलब्धि है.’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि देश में 100 ग्रैंडमास्टर्स का होना इस बात का प्रमाण है कि हमारे खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा, अटूट समर्पण और कड़ी मेहनत की भावना कूट-कूट कर भरी है. इसके साथ ही यह इस बात को भी दर्शाता है कि देश के युवाओं के बीच शतरंज जैसे बौद्धिक खेल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अनुज की यह सफलता आने वाले समय में देश के अनगिनत अन्य युवाओं को भी शतरंज को अपनाने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी.

शुरुआत से लेकर 100वें मुकाम तक का सफर

भारतीय शतरंज का यह सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है. साल 1988 में देश के दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद भारत के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे, जिन्होंने उस दौर में भारत में इस खेल की नींव को मजबूत किया और एक नई संस्कृति की शुरुआत की. उनके दिखाए रास्ते पर चलकर देश के कई युवा आगे आए. खास बात यह है कि पिछले कुछ महीनों में भारतीय शतरंज ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है. इस साल जुलाई से नवंबर के बीच ही भारत को पांच नए ग्रैंडमास्टर मिले हैं. अनुज श्रीवत्री से ठीक पहले ईथन वाज, हर्षवर्धन जीबी, एस अश्वथ और वी रत्नावेल ने इस प्रतिष्ठित खिताब को हासिल किया था.

वर्तमान में भारतीय शतरंज विश्व पटल पर एक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है. भारत के स्टार खिलाड़ी डी गुकेश मौजूदा विश्व चैंपियन हैं, जो इस महीने एक बार फिर अपने प्रतिष्ठित खिताब का बचाव करने के लिए मैदान में उतरेंगे. ऐसे स्वर्णिम दौर में अनुज श्रीवत्री द्वारा 100वें ग्रैंडमास्टर का जादुई आंकड़ा छूना भारतीय खेल जगत के लिए ‘सोने पर सुहागा’ साबित हुआ है. मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले अनुज की यह सफलता छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों से आने वाले उन तमाम युवाओं के लिए एक मिसाल है जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत के दम पर दुनिया जीतने का सपना देखते हैं.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *