गाजियाबाद वसुंधरा चौकी धमाका: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी का हाथ? कौशांबी जासूसी कांड से जुड़ रहे तार

Agency:एजेंसियां

Last Updated:

Ghaziabad Police Station Blast Case: गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए रहस्यमयी धमाके में सुरक्षा एजेंसियों की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. इस हमले के पीछे पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क और कौशांबी में पकड़े गए जासूसी गिरोह के बदले की आशंका जताई जा रही है. ‘तहरीम-उल-मुजाहिद्दीन’ संगठन ने सोशल मीडिया पर इस धमाके की जिम्मेदारी ली है. हालांकि, एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि यह किसी बड़ी आतंकी साजिश का हिस्सा है या फिर नौसिखियों की करतूत. फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

चौकी के पीछे हुए धमाके में AC और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं थीं और डिलीवरी बॉय घायल हुआ था.

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी पर धमाके की जांच केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं. अभी जांच में जो खुलासे सामने आ रहे हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. दैनिक जागरण के हवाले से बताया गया कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी का सक्रिय नेटवर्क हो सकता है. एजेंसियां इस एंगल पर बहुत ही बारीकी से काम कर रही हैं ताकि इस साजिश की जड़ तक पहुंचा जा सके.

जांच एजेंसियों के सामने एक और बड़ा शक यह भी उभर कर आया है कि इस साल अप्रैल के महीने में कौशांबी थाना क्षेत्र में एक बड़े पाकिस्तानी जासूसी गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था. उस कार्रवाई के दौरान पुलिस और विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. यह गिरोह देश भर के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों और संवेदनशील स्थानों की जासूसी कर रहा था और वहां सोलर बेस्ड कैमरे लगाकर उनकी लाइव तस्वीरें व वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेज रहा था. अब कयास लगाए जा रहे हैं कि उसी नेटवर्क को ध्वस्त किए जाने का बदला लेने के लिए यह धमाका कराया गया हो सकता है.

‘तहरीम-उल-मुजाहिद्दीन’ संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘गाजी-2’ नामक एक संदिग्ध अकाउंट से ‘तहरीम-उल-मुजाहिद्दीन’ नामक संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह अकाउंट अगस्त 2025 में बनाया गया था और इस पर यह पहली ही पोस्ट की गई है, जिसके केवल दो ही फॉलोअर्स हैं. जानकारों का कहना है कि आतंकी संगठन इस तरह के डमी अकाउंट्स भारत विरोधी गतिविधियों या हमलों की जिम्मेदारी लेने के लिए पहले से ही तैयार रखते हैं. हालांकि, इस नए संगठन का नाम पहली बार सामने आया है, और एजेंसियां इस डिजिटल सुराग की भी गहराई से छानबीन कर रही हैं.

नौसिखियों की करतूत या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा?
दूसरी ओर, धमाके की प्रकृति और इसके पीछे के उद्देश्यों को लेकर भी कई थ्योरी सामने आ रही हैं. जानकारों का मानना है कि इस घटना के पीछे का मकसद या तो बेहद गंभीर और गहरी साजिश हो सकता है, या फिर यह किसी सिरफिरे नौसिखिए की करतूत भी हो सकती है. नौसिखिया होने की थ्योरी पर भी गौर किया जा रहा है, क्योंकि अंदेशा है कि हमलावर विस्फोटक को सीधे चौकी के ऊपर गिराने में असफल रहे, जिसके चलते विस्फोटक चौकी के ठीक बराबर में जा गिरा. यदि विस्फोटक चौकी की छत या मुख्य भवन पर गिरता, तो 21 साल पुरानी जर्जर हालत के कारण पूरी इमारत ढह सकती थी और एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह धमाका सामान्य पटाखों के बारूद से किया गया है या किसी केमिकल विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ है.

वसुंधरा चौकी को ही क्यों बनाया गया आसान टारगेट?
इसके अलावा, वसुंधरा पुलिस चौकी की भौगोलिक स्थिति भी हमलावरों के लिए बेहद अनुकूल मानी जा रही है. यह चौकी एक डिवाइडर के ठीक बीचों-बीच स्थित है और इसके ठीक ऊपर से एलिवेटेड रोड गुजरती है. इस वजह से वहां से गुजरते हुए विस्फोटक नीचे फेंकना और बिना किसी की नजर में आए आसानी से फरार हो जाना बदमाशों के लिए बेहद आसान था. यही कारण है कि इसे एक आसान टारगेट माना गया. फिलहाल, पुलिस और तमाम खुफिया एजेंसियां फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं, जिसके बाद ही विस्फोटक के वास्तविक प्रकार और हमले की तीव्रता का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा.

About the Author

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *