Last Updated:
नोएडा के सेक्टर-119 के अरण्य सोसायटी की 21वीं मंजिल पर आग लगने का फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. वीडियो देख पुलिस और दमकल विभाग की 20 टीम मौके पर पहुंच गई. वहां पहुंचने पर पता चला कि ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई. बाद में वीडियो की जांच की गई तो पता चला कि वीडियो एआई है.
नोएडा में आग लगने का फर्जी वीडियो.
नोएडाः दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-119 में अरण्या सोसायटी के 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी विस्फोट से आग लगने का दावा करते हुए फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके अलर्ट हो गई और तुरंत चार जिलों की दमकल टीमों के साथ-साथ कई बड़े पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. लेकिन जब मौके पर पहुंचे तो वहां सबकुछ नॉर्मल था. जांच के दौरान किसी भी तरह की आग लगने की घटना का पता नहीं चला. हालांकि बाद में जानकारी मिली की सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो एआई से बनाया गया था. पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गौतमबुद्ध नगर के सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें अरण्या सोसायटी के 21वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में एसी विस्फोट के बाद आग लगने का दावा किया गया था. वीडियो वायरल होने के बाद दमकल विभाग को आग की सूचना मिली. सीएफओ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग जिलों की 20 दमकल विभाग की टीमें और पुलिस अधिकारी सोसायटी पहुंचे. टीमों ने सोसायटी और संबंधित फ्लैट की जांच की. लेकिन आग लगने की किसी भी तरह की घटना का पता नहीं चला.
इसके बाद वीडियो की जांच की गई, जिसमें पता चला कि वायरल वीडियो एआई से बनाया गया है. वीडियो में दिखाई गई आग की घटना पूरी तरह से फर्जी थी. पुलिस के मुताबिक यह वीडियो एक्स के कई अकाउंट से शेयर किया गया था. इस पूरे मामले के खिलाफ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस वीडियो पोस्ट और उसे फैलाने वाले अकाउंट्स की पहचान करने में लगी हुई है. साथ में यह भी जांचा जा रहा है कि वीडियो किसने बनाया और इसे वायरल करने के पीछे कौन शामिल है.
About the Author
Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
