नई दिल्ली. अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग और जांच के दौरान बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के घरों की रेकी किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. पुलिस ने बॉलीवुड के बड़े कलाकारों को एहतियात बरतने और सार्वजनिक जगहों पर भीड़ के बीच जाने से बचने की सलाह दी है. पुलिस की ओर से कलाकारों को खासतौर पर फैंस के बीच रुकने, उनके साथ सेल्फी लेने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने के लिए कहा गया है.
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, हाल के दिनों में फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों और टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को देखते हुए यह हिदायत दी गई है. पुलिस का मानना है कि कलाकारों की सुरक्षा के लिहाज से छोटी-छोटी सावधानियां भी जरूरी हैं.
दूसरे बॉलीवुड सितारों की भी रेकी की थी
दरअसल, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे इनपुट मिले हैं, जिनसे पता चला कि हमले से पहले आरोपियों ने दूसरे बॉलीवुड सितारों की भी रेकी की थी. इसी जानकारी के बाद पुलिस ने कई कलाकारों की सुरक्षा की समीक्षा की है. कुछ हस्तियों के घरों के बाहर सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस की निगरानी मजबूत करने जैसे कदम भी उठाए गए हैं.
बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग हुई थी. वह फुटबॉल खेलने के बाद अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं. इस दौरान करीब पांच राउंड फायरिंग हुई. घटना में टाइगर के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई थीं. शुरुआती जांच में सामने आया था कि हमलावरों ने पहले भी टाइगर को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला था. इस बार उन्होंने फुटबॉल ग्राउंड से निकलने के दौरान उन्हें निशाना बनाया.
सुरक्षा व्यवस्था के बारे में
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले बॉलीवुड के दूसरे कलाकारों की गतिविधियों पर भी नजर रखी थी. आरोपियों ने सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो और रील्स के जरिए कलाकारों की दिनचर्या, उनकी गाड़ियों और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी जुटाई थी.
सलमान खान भी थे निशाने पर
रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान भी आरोपियों के संभावित निशाने पर थे लेकिन उनके घर के बाहर कड़ी सुरक्षा होने के कारण आरोपी आगे नहीं बढ़ पाए. इसके बाद उन्होंने दूसरे कलाकारों के घरों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने की कोशिश की.
टाइगर श्रॉफ केस
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) की धाराएं भी लगाई हैं. 3 नवंबर तक इस मामले में 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर लगातार धमकियां मिल रही
बॉलीवुड के कलाकारों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर लगातार धमकियां मिल रही हैं. सलमान खान को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं. वहीं, हाल ही में अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे जाने की खबर सामने आई थी. मुंबई पुलिस ने इस मामले में बेंगलुरु के एक युवक वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था. जांच में उस पर गैंग का सदस्य बनकर कलाकारों को धमकी देने का आरोप है.
सुरक्षा को लेकर चिंता
इससे पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है. वहीं, टाइगर श्रॉफ मामले के बाद अमिताभ बच्चन भी अपने घर के बाहर फैंस से बुलेटप्रूफ कांच के पीछे से मिलते नजर आए थे. इन घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
